कच्चे तेल में गिरावट से राहत के आसार, घट सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम

क्रूड ऑयल उत्पादक देशों के संगठन ओपेक द्वारा उत्पादन बढ़ाने की घोषणा के बाद वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट की संभावना जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि जुलाई के अंत या अगस्त की शुरुआत में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में मौजूदा स्तर से करीब 10 डॉलर प्रति बैरल यानी लगभग 15% तक की गिरावट हो सकती है।

इस संभावना ने देश में पेट्रोल और डीजल की दरों में कटौती की उम्मीदों को भी जन्म दिया है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों में ईंधन की कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है, सिवाय मार्च 2024 में लोकसभा चुनावों से पहले ₹2 प्रति लीटर की एकमात्र कटौती के। जबकि इस अवधि में कच्चे तेल के दाम में 20 डॉलर प्रति बैरल से अधिक की गिरावट दर्ज की गई थी।

60 डॉलर से नीचे आए तो कट सकती हैं कीमतें
कमोडिटी विश्लेषकों के अनुसार, यदि ब्रेंट क्रूड की कीमतें 60 डॉलर से नीचे गिरती हैं—जैसे कि 57 या 58 डॉलर प्रति बैरल—तो देश में पेट्रोल और डीजल की दरों में ₹5 प्रति लीटर तक की कटौती संभव हो सकती है।

बढ़ती आपूर्ति से गिर रहे दाम
इस समय खाड़ी देशों का ब्रेंट क्रूड ऑयल 68 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है, और विशेषज्ञों का मानना है कि अगस्त में इसकी कीमतें 58 डॉलर तक गिर सकती हैं। यह गिरावट उत्पादन में बढ़ोतरी और ईरान-इजराइल संघर्ष में शांति के संकेतों के कारण हो रही है। अमेरिका और ओपेक प्लस देशों ने आपूर्ति में इजाफा किया है, जिससे बाज़ार में संतुलन बन रहा है।

बाजार की मौजूदा स्थिति
19 जून के बाद से ब्रेंट क्रूड की कीमतों में करीब 12% की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में ब्रेंट 68.61 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है, जबकि अमेरिकी क्रूड (WTI) 67 डॉलर प्रति बैरल पर स्थिर है। कारोबारी सत्र में यह कभी-कभी 65.55 डॉलर प्रति बैरल तक भी पहुंच गया था।

पेट्रोल-डीजल की दरों पर असर
विशेषज्ञ अनुज गुप्ता के अनुसार, यदि कच्चे तेल की कीमतों में अपेक्षित गिरावट आती है, तो पेट्रोल और डीजल ₹5 प्रति लीटर तक सस्ते हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमतें 90 रुपये प्रति लीटर से नीचे आ सकती हैं। मार्च 2024 के बाद देश के प्रमुख महानगरों में ईंधन की दरें स्थिर बनी हुई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here