स्मार्ट सिटी की राह पर सहारनपुर, सीएम योगी ने किया 15 परियोजनाओं का लोकार्पण

सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाराष्ट्र के मालेगांव विस्फोट मामले में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े निर्दोष लोगों को आरोपी बनाया था, जबकि असली आतंकियों को संरक्षण देने की मानसिकता अपनाई गई थी। उन्होंने इस प्रवृत्ति को देशविरोधी और आतंकी मानसिकता करार दिया।

सोमवार को जनमंच सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 381 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 15 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर तीखा प्रहार किया।

उन्होंने कहा कि रामसेतु को नष्ट करने और भगवान राम को मिथक बताने का प्रयास उन्हीं सरकारों ने किया था, जिनका सनातन संस्कृति और देश की विरासत से कोई लगाव नहीं रहा। सुप्रीम कोर्ट में दायर हलफनामे में इन्हीं दलों ने श्रीराम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व को नकारा था, लेकिन पिछले एक दशक में भारत और भारतीयता को लेकर लोगों में गर्व की भावना बढ़ी है।

योगी ने कहा कि सहारनपुर, जो कभी विकास की दृष्टि से उपेक्षित रहा, आज डबल इंजन सरकार के चलते तेजी से प्रगति की ओर अग्रसर है। यह शहर अब अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और कारीगरी की विरासत से फिर से जुड़ रहा है। उन्होंने बताया कि मां शाकंभरी देवी के नाम पर स्थापित विश्वविद्यालय का निर्माण पूरा हो चुका है और कोरिडोर का कार्य प्रगति पर है।

पूर्ववर्ती सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले शासन जातीय आधार पर बंटा हुआ था, और सारी योजनाएं एक परिवार तक सीमित थीं। इससे पूरे प्रदेश में अराजकता फैली और लोगों की पहचान संकट में आ गई। लेकिन अब विकास सभी वर्गों के लिए समान रूप से सुनिश्चित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सहारनपुर की लकड़ी कारीगरी का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों ने इस क्षेत्र की कारीगर परंपरा की अनदेखी की, जबकि वर्तमान सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ योजना के तहत न सिर्फ उत्पादन को बढ़ावा दे रही है, बल्कि उसे बाजार और निर्यात से भी जोड़ रही है।

उन्होंने कहा कि सहारनपुर की फर्नीचर कारीगरी अब देश-विदेश में पहचान बना चुकी है। सरकार की कोशिश है कि सभी नगर निकायों को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित किया जाए। उन्होंने बताया कि सरसावा एयरपोर्ट पर सिविल टर्मिनल तैयार हो गया है और जल्द ही उड़ान सेवाएं शुरू होंगी। सहारनपुर की कनेक्टिविटी अब दिल्ली से महज साढ़े तीन घंटे की दूरी पर है।

मुख्यमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ की अपील करते हुए कहा कि देश की आर्थिक मजबूती के लिए स्वदेशी उत्पादों को अपनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर चीनी वस्तुओं की भरमार से बचते हुए देशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए ताकि कारीगरों और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और स्वतंत्रता दिवस जैसे आगामी पर्वों का उल्लेख करते हुए लोगों से अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लें और घरों पर तिरंगा फहराएं। उन्होंने घोषणा की कि 8 से 10 अगस्त तक महिलाएं रोडवेज और निगम की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में हर वर्ग के लिए योजनाएं संचालित हैं—चाहे वह महिला हो, वृद्ध, या दिव्यांग। पहले की सरकारें लोगों को जाति के नाम पर लड़वाकर सत्ता में आती थीं और प्रदेश को दंगों में झोंक देती थीं। अब जब कोई उत्तर प्रदेश से बाहर जाता है, तो उसके चेहरे पर आत्मविश्वास और सम्मान की चमक दिखाई देती है, जो पहले नहीं हुआ करता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here