पंजाब में भीषण गर्मी ने ली दो की जान, रविवार से मौसम बदलने के आसार

पंजाब में प्रचंड गर्मी का कहर जारी है और अब यह जानलेवा बनती जा रही है। ताज़ा मामलों में पठानकोट में 35 वर्षीय एक युवक अचानक बेहोश हो गया और कुछ ही देर में उसकी मृत्यु हो गई। वहीं, मोगा में 55 वर्षीय एक व्यक्ति गर्मी के चलते अचेत होकर गिर पड़ा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों मृतकों की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है और शवों को स्थानीय अस्पतालों की मॉर्चरी में रखा गया है। इस सीजन में गर्मी के कारण राज्य में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। इससे पहले बुधवार को भी दो लोगों की जान गई थी।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
राज्य में अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि यह अभी भी सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक बना हुआ है। वहीं न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री की वृद्धि हुई है, जो सामान्य से 4.9 डिग्री ऊपर है। शुक्रवार को पठानकोट का न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।

कई शहरों में पारा 40 से 44 डिग्री के बीच
अमृतसर में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री, लुधियाना में 43.0 डिग्री, पठानकोट में 42.5 डिग्री, फरीदकोट में 44.0 डिग्री और फिरोजपुर में 42.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान अमृतसर में 30.8 डिग्री, लुधियाना में 31.0 डिग्री, पटियाला में 31.5 डिग्री, बठिंडा में 30.0 डिग्री, फरीदकोट में 31.2 डिग्री, फिरोजपुर में 30.9 डिग्री और जालंधर में 30.7 डिग्री रहा।

रविवार से राहत के संकेत
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि रविवार से पंजाब में मौसम का रुख बदलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ और धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। साथ ही बारिश की संभावना भी जताई गई है, जिससे अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here