सिद्धार्थनगर: दौड़ते घोड़े की रस्सी में फंसा किशोर, 300 मीटर तक घिसटा

सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ कस्बे में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। नीबी दोहनी गांव का 14 वर्षीय हर्षित सड़क पर पैदल जा रहा था, तभी दौड़ते हुए एक घोड़े से बंधी रस्सी उसके पैर में उलझ गई। रस्सी फंसते ही वह घोड़े के पीछे घिसटने लगा।

घटना देखकर आसपास के दुकानदार मदद के लिए दौड़ पड़े। करीब 300 मीटर तक पीछा करने के बाद घोड़े को रोककर किशोर को छुड़ाया जा सका, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। मौके से उसे सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

शोहरतगढ़ थानाध्यक्ष बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि घायल किशोर के पिता लक्ष्मीकांत कसौधन कस्बे के 51 तिराहा स्थित मेडिकल स्टोर पर मौजूद थे। हर्षित उनके लिए भोजन लेकर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। शिकायत के आधार पर नीबी दोहनी निवासी घोड़ा मालिक गरीबुल्लाह के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे देखकर लोग सिहर उठे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोर को घोड़े के पीछे घिसटते देख कई लोग दौड़े, लेकिन घोड़े को काबू में करने में वक्त लग गया। स्थानीय व्यापारियों ने कस्बे में घोड़ों को खुला छोड़ने पर नाराजगी जताई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here