बीते शुक्रवार की सुबह उत्तर सिक्किम में चत्तेन से रवाना होकर थांगू की ओर जा रहे सेना के तीन वाहनों के काफिले में शामिल एक ट्रक जेमा क्षेत्र में दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में सेना के 13 जवान और तीन जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) शहीद हो गए।
जिनमें प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी लोकेश कुमार, उन्नाव निवासी श्याम सिंह यादव, एटा निवासी भूपेंद्र सिंह और ललितपुर निवासी चरन सिंह शामिल थे। मुजफ्फनगर के लोकेश कुमार के अलावा तीनों शहीद जवानों के पार्थिक शरीर शनिवार की शाम चौधरी चरण सिंह अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचे। लेकिन एटा निवासी भूपेन्द्र सिंह का पार्थिक शरीर एयरपोर्ट के अन्दर से आगरा के लिए रवाना कर दिया गया। जबकि ललितपुर के चरन सिंह व उन्नाव जिले श्याम सिंह के पार्थिव शरीरों को जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार व उपजिलाधिकारी सरोजनीनगर सिद्धार्थ कुमार ने एयरपोर्ट पहुंचकर भावभीनि श्रद्धांजलि दी।
उन्नाव का लाल श्याम सिंह भी शहीद, परिवार का था इकलौता सहारा
उन्नाव जिले की हिलौली ब्लॉक के गांव ककरारीखेड़ा-गुलरिहा के मजरे शंकरबक्सखेड़ा के मूल निवासी सुंदरलाल यादव का पुत्र श्याम सिंह यादव (30) सिक्किम में तैनात था। वर्ष-2011 में सेना में सैनिक के पद पर भर्ती हुआ श्याम सिंह बीते आठ दिसम्बर को ही छुट्टियां खत्म होने पर वह वापस ड्यूटी पर सिक्किम गया था। बीते शुक्रवार की देरशाम सिक्किम में हुए सड़क हादसे में श्याम सिंह यादव के शहीद होने की खबर घर पहुंची। सेना में अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल शिव कुमार सिंह यादव ने उन्हें फोन कर श्याम सिंह यादव की शहादत की सूचना दी। इकलौते बेटे के शहीद होने की खबर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां शांति के साथ पत्नी विनीता और तीन बहनें बेहाल हैं। सेना में जेसीओ पद पर तैनात श्याम सिंह यादव सिंह की देश की सेवा करते हुई शहादत की सूचना से गांव समेत क्षेत्र वासियों की आंखे नम है। हादसे की खबर सुन शहीद फौजी के घर में ढांढस बांधने वालों का तांता लग गया। वर्ष-2013 में रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के पहराखेड़ा निवासी विनीता से वर्ष श्याम सिंह की शादी हुई थी। श्याम सिंह को एक छोटा बेटा अमन (08) है। पिता खेती कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। बेटा ही परिवार का इकलौता सहारा था। पिता सुन्दर लाल यादव ने बताया कि आठ दिसंबर को ही घर से ड्यूटी पर सिक्किम गया था। शुक्रवार रात सेना के एक अधिकारी ने बेटे के शहीद होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सिक्किम में सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में सेना के 16 सैनिकों के शहीद हो गए। इसमें आपका बेटा भी शहीद हो गया है।
सिक्किम में हुये सड़क हादसे में ललितपुर का जवान भी बलिदान
सिक्किम में हुए सड़क हादसे में जो 16 जवान बलिदान हो गये, उनमें से एक जिले का जवान भी शामिल है। जवान का परिवार सौजना थाना क्षेत्र में रहता है। जवान के बलिदान की खबर आते ही गांव व परिवार में मातम छा गया। सौजना क्षेत्र निवासी चरन सिंह पुत्र हुकुम सिंह (40) सेना में जवान थे। वर्तमान में वह सिक्किम में तैनात थे।
थाना क्षेत्र सौजना कस्बा के मोहल्ला ठकरास निवासी हुकुम सिंह का बेटा चरन सिंह (35) वर्ष 2004 में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था। वर्तमान में वह 26 नायक यूनिट में सिक्किम में तैनात था। शुक्रवार को सिक्किम में सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें चरन सिंह भी शहीद हो गए।
बच्चों के जन्मदिन पर मिली दुख भरी खबर
परिजनों के मुताबिक चरन सिंह की बेटी और बेटे का शुक्रवार को जन्मदिन मनाया जा रहा था। इस दौरान हादसे की सूचना मिली। जिससे खुशियों का माहौल दुख में बदल गया। परिजन मोबाइल पर उसके संबंध में जानकारी जुटाने में लगे हैं।
22 दिन पहले ही गया था ड्यूटी पर
परिजनों के मुताबिक करीब दो माह पहले वह अवकाश पर एक माह के लिए आया था। गांव में कुछ काम होने पर उसने अवकाश एक माह के लिए बढ़ा लिया था। एक दिसंबर को वह सिक्किम के लिए रवाना हो गया था।