शिमला: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को राज्य के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। पार्टी नेता मुकेश अग्निहोत्री ने भी उपमुख्यमंत्री के रूप में शिमला के ऐतिहासिक रिज में शपथ ग्रहण किया। शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
राज्य में मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट मंत्रियों की अधिकतम संख्या 12 हो सकती है। कैबिनेट का बाद में विस्तार किया जाएगा। शपथ ग्रहण के बाद डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा- ‘हम पहली कैबिनेट बैठक में जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करेंगे। पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी…पहले लोग कहते थे कि कांग्रेस किसी भी राज्य में सत्ता में नहीं आएगी, लेकिन आज हमने बीजेपी का ‘रथ’ रोक कर दिया है।’
केंद्रीय पर्यवेक्षकों-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार शाम को विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद के लिए क्रमश: पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख रहे सुक्खू (58) और विपक्ष के नेता रहे अग्निहोत्री (60) के नामों की घोषणा की थी।
सुक्खू निचले हिमाचल इलाके के पहले कांग्रेस नेता हैं, जो मुख्यमंत्री बन रहे हैं। वह प्रेम कुमार धूमल के बाद हमीरपुर जिले के दूसरे ऐसे नेता हैं, जो मुख्यमंत्री के पद पर आसीन होंगे। कांग्रेस ने हिमाचल विधानसभा चुनाव में कुल 68 में से 40 सीट जीतकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर कर दिया है। मतदान 12 नवंबर को हुआ था और नतीजे गुरुवार को घोषित किए गए थे।