उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के दौरान यमुनोत्री और गंगोत्री धाम पहुंचे दो बुजुर्ग तीर्थयात्रियों की हृदयगति रुकने से मृत्यु हो गई। संबंधित पुलिस थानों द्वारा दोनों मामलों में पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अब तक यात्रा के दौरान 12 यात्रियों की जान जा चुकी है।
पहली घटना यमुनोत्री क्षेत्र की है, जहां मध्य प्रदेश की रहने वाली 65 वर्षीय बाटो बाई यादव, दर्शन के बाद जानकी चट्टी में अपने परिवार के साथ ठहरी थीं। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में एसओ दीपक कठैत ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दूसरी घटना गंगोत्री धाम में हुई, जहां तमिलनाडु निवासी 70 वर्षीय वेणुगोपाल अपने परिजनों संग दर्शन के लिए आए थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गंगोत्री के चिकित्सा केंद्र लाया गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। चिकित्सकों के अनुसार, मृत्यु का कारण कार्डियक अरेस्ट है।
प्रशासन श्रद्धालुओं से अपील कर रहा है कि यात्रा के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।