देहरादून: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में हुए हिमस्खलन में 10 पर्वतारोहियों की मौत की खबर सामने आई है।वहीं, उत्तरकाशी जिले में द्रौपदी का डांडा चोटी पर हिमस्खलन में मंगलवार को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के 29 पर्वतारोही फंस गए है। जिसके बाद उन्हें बचाने के लिए बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
उत्तरकाशी आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि 8 पर्वतारोहियों को उनकी टीम के सदस्यों ने बचा लिया और बाकी को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि टीम में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) के प्रशिक्षु पर्वतारोही और उनके प्रशिक्षक शामिल हैं। द्रौपदी का डांडा 5,006 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के पर्वतारोहियों की एक टीम ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी बात की है और बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए सेना की मदद मांगी है।