खतरे के निशान से ऊपर यमुना, दिल्ली में अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बुधवार सुबह 6 बजे 206.76 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के स्तर से ऊपर है। लगातार बढ़ते जलस्तर ने राजधानीवासियों में चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक दिल्ली में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, साथ ही गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।

इस मानसून में लगातार बारिश के कारण दिल्ली ने 1000 मिलीमीटर से अधिक वर्षा का रिकॉर्ड बना लिया है। राजधानी का औसत वार्षिक वर्षा आंकड़ा 774 मिमी है, जिसे अगस्त माह में ही पार कर लिया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, 31 अगस्त तक 963.4 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी थी, जबकि 1 सितंबर को 37.8 मिमी और उसके बाद मंगलवार शाम तक 16 मिमी वर्षा हुई। इन आंकड़ों के साथ कुल बारिश 1000 मिमी के पार पहुंच गई है।

तापमान में गिरावट
लगातार बारिश ने तापमान को भी प्रभावित किया है। बीते दिन अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से लगभग 5 डिग्री नीचे है।

हवा की गुणवत्ता फिलहाल संतोषजनक
बारिश के बावजूद दिल्ली की हवा फिलहाल साफ बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, मंगलवार शाम चार बजे राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 52 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। साफ-सुथरी हवा और ठंडे मौसम ने लोगों को थोड़ी राहत दी है, लेकिन यमुना का बढ़ता जलस्तर अब भी चिंता का विषय बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here