दिल्ली में यमुना खतरे के निशान पर, सीएम रेखा ने लिया हालात का जायजा

दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार को बादल छाए रहे और कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले घंटों में भी रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है, हालांकि अभी तक कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पिछले 24 घंटों में दिल्ली में 37.8 मिमी, लोधी रोड पर 35.2 मिमी, आयानगर में 95 मिमी और पालम में 57.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर की समीक्षा की। मंगलवार सुबह यमुना नदी खतरे के निशान को पार कर गई, जिससे यमुना पार क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में पानी घरों में प्रवेश करने लगा। सीएम रेखा गुप्ता ने लोहे के पुराने रेलवे पुल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।

सुबह 6 बजे यमुना का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर 205.68 मीटर और 7 बजे 205.75 मीटर तक पहुंच गया, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मंगलवार शाम तक जलस्तर 206 मीटर के निकासी स्तर तक पहुंच सकता है। इस बढ़ोतरी का कारण हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से रिकॉर्ड 3.29 लाख क्यूसेक पानी की निकासी और पहाड़ों में लगातार बारिश है।

दिल्ली सरकार ने निचले इलाकों में बाढ़ के खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह तैयार है और जनता को घबराने की जरूरत नहीं है। बाढ़ से निपटने के लिए यमुना किनारे रेत के बोरे रखे गए हैं और मयूर विहार जैसे क्षेत्रों में राहत शिविर भी स्थापित किए गए हैं। शाहदरा जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुराने रेलवे पुल पर मंगलवार शाम 5 बजे से यातायात रोक दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here