केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2025 की 10वीं और 12वीं परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। 10वीं में 93.66% और 12वीं में 88.39% छात्र सफल हुए हैं। दोनों परीक्षाओं में जवाहर नवोदय विद्यालय का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा, जबकि केंद्रीय विद्यालय ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। हाईस्कूल में त्रिवेंद्रम क्षेत्र ने और इंटरमीडिएट में विजयवाड़ा क्षेत्र ने सबसे अच्छा रिजल्ट दिया। 10वीं में त्रिवेंद्रम क्षेत्र का रिजल्ट 99.79% था, जबकि 12वीं में विजयवाड़ा क्षेत्र ने 99.60% रिजल्ट दर्ज किया।
लड़कियों ने 10वीं और 12वीं दोनों परीक्षाओं में लड़कों को पीछे छोड़ते हुए बेहतर प्रदर्शन किया। 10वीं में लड़कियों का पास प्रतिशत 95% था, जबकि लड़कों का 92.63% रहा। 12वीं में लड़कियों का रिजल्ट 91.64% था, जबकि लड़कों का 85.70% था। सीबीएसई उन छात्रों के लिए कंपार्टमेंट परीक्षा आयोजित करेगा जो एक या दो विषयों में फेल हुए हैं, और वे छात्र जो अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, वे अंक सत्यापन या सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं।
सीबीएसई 10वीं और 12वीं का रिजल्ट
10वीं में जवाहर नवोदय विद्यालय का रिजल्ट 99.49% था, केंद्रीय विद्यालय का 99.45%, स्वतंत्र विद्यालयों का 94.17%, एसटीएसएस का 91.53%, सरकारी स्कूलों का 89.26% और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों का रिजल्ट 83.94% था। 12वीं में भी जवाहर नवोदय विद्यालय का रिजल्ट 99.29%, केंद्रीय विद्यालय का 99.05% और सरकारी स्कूलों का 90.48% था।
रिजल्ट चेक करने का तरीका
- CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in पर जाएं।
- “CBSE 10th Result/ CBSE 12th Result 2025” लिंक पर क्लिक करें।
- रोल नंबर आदि विवरण भरकर सबमिट करें।
- आपका स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा।
- रिजल्ट चेक करके उसे प्रिंट कर लें।
CBSE परीक्षा में छात्रों की संख्या
इस साल 12वीं परीक्षा में 17,04,367 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन किया था, जिनमें से 16,92,000 से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 14,96,307 छात्र पास हुए। वहीं, 10वीं परीक्षा में 23,71,939 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें से 22,21,636 छात्र पास हुए।