बागपत के बड़ौत में वर्ल्ड आई इंडिया, दिल्ली और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वन्य जीवों के प्रतिबंधित अंगों को बरामद किया है। इस दौरान दो आरोपी पकड़े गए। उनकी दुकानों को भी सील कर दिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
वन विभाग के एसडीओ कल्याण सिंह के मुताबिक देशी जड़ी बूटियों में वन्य जीवों के अंग मिलाने की सूचना पर वर्ल्ड आई इंडिया की टीम बड़ौत पहुंची थी। दो दुकानों पर छापेमारी की गई, जहां से गोह (जंगली छिपकली) का हत्था जोड़ा, सेह के अंग, हाथी दांत के टुकड़े और पाउडर आदि प्रतिबंधित अवशेष बरामद किए हैं। इनका प्रयोग तंत्र-मंत्र के अलावा दवाइयां बनाने में किया जाता था।
एसडीओ में बताया कि पहले नवीन की दुकान पर छापा मारा गया। उसकी निशानदेही पर वीरेंद्र की दुकान पर छापा मारकर कुछ सामान बरामद किया है। बरामद सामान प्रतिबंधित है और उसकी कीमत का आंकलन किया जा रहा है। दोनों दुकानों को सील कर दिया है। वन रेंजर बड़ौत राजपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।