झारखंड : पति ने भोजन बनाने को कहा तो पत्नी ने काट डाला

भोजन को लेकर हुए विवाद के बाद सबर पत्नी ने अपने पति की शुक्रवार रात हत्या कर दी। दोनों नशे में थे। घटना एमजीएम थाना अंतर्गत सुखलाड़ा गांव की है। मृतक का नाम उपेंद्र सबर (30) है। उसकी पत्नी बुधनी सबर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पति पर टांगी से उसने तीन वार किए थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों ही शराब के नशे में धुत होकर घर आए। यहां आने के बाद भोजन बनाने की बात पर उनके बीच विवाद हुआ। पहले उनके बीच हाथापाई हुई, जिसमें उपेन्द्र ने पत्नी बुधनी की पिटाई कर दी। मारपीट के बाद वह घर से बाहर चला गया। थोड़ी ही देर में जब वह लौटकर आया तो पत्नी पहले से ही टांगी लेकर मौजूद थी। पति पर उसने मौका देखकर कई वार किए। लहूलुहान होकर वह रात भर घर में ही पड़ा रहा। उसके पास रात भर पत्नी टांगी लेकर बैठी रही। डर से सात साल का बेटा छिप गया था। सुबह जब शव के पास उसकी मां सो गई तो वह वहां से उठा और गांव में जाकर हत्या की जानकारी दी। गांव वाले दौड़कर आए, तब तक अधिक रक्तस्राव के चलते उपेन्द्र की मौत हो गई थी। सूचना पर पुलिस पहुंची, जहां से शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव वालों ने पुलिस को बताया कि उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था। मृतक के सात साल के बेटे ने बताया कि घर में जब माता-पिता के बीच झगड़ा हो रहा था तो उसे लगा कि झगड़े में उसे भी मां मार देगी। इसलिए वह डर से छिप गया था। मां के जेल जाने के बाद वह अपने चाचा सूरज सबर के साथ है। सूरज ने बच्चे को पालने की जिम्मेवारी ली है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here