ग्वालियर:थोड़ी सख्ती और संसाधन बदल सकते हैं यातायात की दिशा व दशा

एक माह पूर्व एएसपी यातायात का दायित्व संभालने वाले नवागत आइपीएस अधिकारी अभिनव चौकसे ने शहर के यातायात को सुधारने के लिए मंथन किया है। उनका कहना है ग्वालियर के नागरिक गंभीर और चिंतनशील हैं, वे कानून का पालन भी करते हैं। बस थोड़ी सी सख्ती और नगर निगम व स्मार्ट सिटी कारपोरेशन के अधिकारी संसाधन जुटाने में मदद करें तो यातायात की दिशा और दशा बदल सकती है।

इसके लिए उच्च स्तर पर राजनीतिक दृढ़ इच्छाशक्ति भी जरूरी है। नए विकसित क्षेत्रों में यातायात कोई समस्या नहीं है, सिटी सेंटर इसका उदाहरण है। यातायात की कुछ मुख्य समस्याओं पर उन्होंने जो समाधान बताए, वह प्रस्तुत हैं.

शहर के यातायात की समस्याएं और समाधान

समस्या-1: सड़कों पर खड़े होने वाले ठेले

स्थिति: शहर में हर सड़क पर ठेले खड़े और घूमते रहते हैं। वहीं चार पहिया वाहन सवार लोग गाड़ी सड़क पर रोककर ठेले वालों से सामान लेते हैं, इससे जाम लगता है।

समाधान: ठेलों को सड़कों से हटाने के पहले हाकर्स जोन व्यवस्थित कर उन्हें रोजगार का विकल्प देना होगा। वहीं ठेले वालों को भी समझना होगा कि जरूरतमंद व्यक्ति सामान खरीदने हाकर्स जोन में भी पहुंचेंगे। शुरुआती एक-दो दिन कुछ परेशानी आ सकती है। निगम को हाकर्स जोन बनाते समय ध्यान रखना होगा वह बाजार से ज्यादा दूर न हो।

समस्या-2: वाहनों के लिए पार्किंग की कमी

स्थिति: जाम की दूसरी बड़ी समस्या पार्किंग की कमी है। सड़क पर वाहन खड़े कर लोग खरीदारी करते हैं। प्रमुख मार्गों के रहवासियों ने स्वयं की पार्किंग की व्यवस्था किए बिना वाहन खरीद लिए हैं। वह भी सड़क पर वाहन पार्क करना अधिकार समझते हैं।

समाधान: पार्किंग के लिए और स्थान चिह्नित करने होंगें। पार्किंग व्यवस्थित रखने के लिए पेड पार्किंग के सिवा दूसरा विकल्प नहीं है। लोगों को भी वाहन खरीदने से पहले उसे रात-दिन पार्क करने के लिए निजी स्थान सुनिश्चित करना होगा।

समस्या-3: एकांगी मार्ग का पालन न होना

स्थिति: लोगों की धारणा बन गईं हैं कि एकांगी मार्ग का अर्थ केवल चार पहिया वाहनों के लिए एक साइड से प्रवेश पर प्रतिबंधित होता है। अधिकांश दोपहिया वाहन चालक एकांगी मार्ग का पालन नहीं करते।

समाधान: एकांगी मार्ग घोषित करने के साथ आवागमन के आसान विकल्प भी देखने होंगे। साथ ही आमजन में एकांगी मार्ग का पालन करने के प्रति सोच विकसित करनी होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here