पंजाब:स्थायी निवासी बनाने का झांसा देकर पुर्तगाल की लड़की से कराई शादी, 33 लाख लेकर धोखे से भेजा आस्ट्रेलिया

पटियाला। विदेश खासतौर से यूरोपियन कंट्री में सेट होने के लिए लोग पता नहीं क्या-क्या कर लेते हैं और फिर जाल में फंस जाते हैं। कुछ ऐसा ही हुआ पटियाला के एक युवक के साथ। मलेशिया में नौकरी करने वाले पटियाला के युवक ने यूरोपियन कंट्री में सेट होने के लिए एजेंट के कहने पर पुर्तगाल की युवती से शादी कर ली।

पुर्तगाली लड़की से शादी के बदले में युवक के स्वजनों ने 33 लाख रुपये भी दिए। नवंबर 2018 में शादी के एक महीने बाद युवती तो अपने देश लौट गई, लेकिन युवक को पुर्तगाल के बजाय ऑस्ट्रेलिया भेज दिया गया। वहां उसने पीआर के लिए अप्लाई किया और पत्नी को पुर्तगाल बुलाया पर वह नहीं आई। बाद में नंबर भी बंद आने लगा। तब जाकर युवक व उसके स्वजनों को अहसास हुआ कि यह तो फर्जी शादी थी और वह ठगे रह गए।

ऑस्ट्रेलिया में आवेदन रद होने पर युवक को हिरासत में लेकर डिपोर्ट कर दिया। वापस आने पर उसे ठगी के बारे में पता चला तो थाना सिविल लाइन में शिकायत दी। युवक मनिंदर सिंह की मां परमजीत कौर निवासी पावर कॉलोनी पटियाला की शिकायत पर एक साल बाद धोखाधड़ी करने वाले किरपाल सिंह निवासी जनता नगर, धूरी पर केस दर्ज किया गया है।

परमजीत कौर के अनुसार उसका बेटा मनिंदर मलेशिया में नौकरी करता था। दो साल पहले किरपाल सिंह ने उनसे कहा कि वह मनिंदर को यूरोपियन देश में सेट करवा देगा। सेट होने पर कई देशों में आने-जाने व काम करने का वीजा उसे आसानी से मिल जाएगा। परिवार ने हामी भरी तो पुर्तगाली लड़की के साथ नवंबर 2018 में मनिंदर की शादी करवा दी गई।

इसके बाद उन्होंने मनिंदर को यूरोप भेजने के लिए किरपाल व उसके रिश्तेदारों के बैंक खातों में 33 लाख जमा करवा दिए। किरपाल ने मनिंदर का ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगाकर कहा कि वहां जाकर पुर्तगाली पत्नी को बुला वह पीआर ले सकता है। मनिंदर ने ऑस्ट्रेलिया पहुंच कर पत्नी को बुलाया, लेकिन वह नहीं आई। ऑस्ट्रेलियन पुलिस ने भी उनके बेटे के कागजों में फर्जीवाड़ा पाए जाने पर कस्टडी में ले लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here