पीलीभीत: समाजवादी करती हैं आतंकवादियों की मदद- योगी

पीलीभीत के पूरनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। अहमदाबाद मामले में आतंकियों को मिली सजा को लेकर उन्होंने सपा को घेरा। सीएम ने कहा कि आतंकियों में से एक का परिवार सपा के मंच पर दिखता है। भाजपा ने हमेशा विकास की राजनीति की है और सपा ने देश को तोड़ने वालों का साथ दिया है।

मुख्यमंत्री पूरनपुर करीब पौने बारह बजे पहुंचे। यहां रामलीला ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘जो पिछली सरकारों ने नहीं किया। भाजपा ने पांच सालों में करके दिखा दिया। अब प्रदेश में दंगे नहीं होते। बम-बम भोले की गूंज सुनाई देती है। उन्होंने राम भक्तों पर गोली चलवाई, हमने मंदिर बनवाया। पीलीभीत को लेकर बोले कि यहां मेडिकल कॉलेज बनवाया, सड़कें बनवाईं।’

नई हवा नहीं, वही सपा है
आगे सीएम योगी ने कहा, ‘नई हवा नहीं, वही सपा है। सपा का हाथ आतंकियों के साथ। सपा ने सरकार बनाते ही आतंकियों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश को सुरक्षा देने का काम किया है। आगे उन्होंने कहा कि कोरोना काल में सरकार ने गरीबों को मुफ्त राशन दिया। तमाम योजनाओं का लाभ दिया। फ्री-वैक्सीन लगवाई। सपाई पहले इसी वैक्सीन को भाजपा की वैक्सीन बता रहे थे बाद में खुद लगवाई।’

जनता से मांगा सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा ने विधवा दिव्यांग पेंशन बंद की जो भाजपा सरकार ने फिर से शुरू की। उन्होंने जनता से सभी सीटों पर सहयोग मांगा। अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। बंगाली समाज के लिए कहा कि सरकार बनते ही समाज को मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here