भाजपा एमएलसी ने पवन सिंह को बताया राजद का एजेंट, कहा- भोजपुरी को बदनाम कर दिया

भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी जीवन कुमार ने भोजपुरी सुपर स्टार और काराकाट से निर्दलीय प्रत्याशी पवन सिंह पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी को बदनाम करने वाले पवन सिंह राष्ट्रीय जनता दल के एजेंट हैं। भाजपा एमएलसी यही नहीं रुके। उन्होंने पवन सिंह को अश्लील गानों का नायक करार दिया। यह भी आरोप लगाया कि पूरी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री को पवन सिंह ने बिगाड़ने का काम किया है। इस बात से पूरे भोजपुरी समाज को घृणा है।

राजद की फंडिंग और इशारे पर काम कर रहे हैं
जीवन कुमार ने आरोप लगाया कि भिखारी ठाकुर वाले भोजपुर के सम्मान को अगर किसी ने खराब करने का काम किया है तो वो पवन सिंह हैं। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि यह भाजपा में नहीं हैं बल्कि ये राजद के एजेंट हैं। राजद की फंडिंग और इशारे पर काम कर रहे हैं। इस बार जनता इन्हें वोट नहीं देगी। भाजपा एमएलसी ने कहा कि जो पवन सिंह 2011 में अपने भाई को बड़े-बड़े फिल्मी सितारों को बुलाकर भी मुखिया का चुनाव नहीं जितवा पाए। उनको मात्र 133 वोट मिले थे। वो पवन सिंह सांसद बनने का सपना देख रहे हैं। काराकाट की जनता सब जानती है और वहां उपेंद्र कुशवाहा चुनाव जीत रहे हैं। 

नामांकन रैली का जायजा लेने आरा पहुंचे थे जीवन कुमार
दरअसल, रविवार को नामांकन रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा एमएलसी जीवन कुमार पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और स्टेडियम में बन रहे पंडाल और पार्किंग स्थल का भी निरिक्षण किया। इस मौके पर जीवन कुमार ने कहा कि आरके सिंह का नामांकन समारोह ऐतिहासिक होगा और इसकी तैयारी का जायजा लेने वह आए हैं। बता दें कि सात मई को आरा लोकसभा सीट पर नामांकन शुरू हो जाएगा। इसी क्रम में आरा के मौजूदा सांसद और भाजपा प्रत्याशी आरके सिंह सात मई को ही नॉमिनेशन करेंगे। नामांकन करने के बाद आरा के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में एक रैली भी होगी। इसमें डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के साथ-साथ विजय सिन्हा, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, उपेन्द्र कुशवाहा समेत कई बड़े नेता भी शिरकत करेंगे। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here