मुरथल के सुखदेव और गरम-धरम ढाबे में फूटा कोरोना बम, अगले आदेश तक सील

मुरथल के सुखदेव और गरम-धरम ढाबे से कोराना से जुड़ी बड़ी खबर आ रही है।‌ बताया जा रहा है कि सुखदेव ढाबे के 65 कर्मचारी और गरम-धरम ढाबे पर 10 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन दोनों ढाबों को अगले आदेश तक सील कर दिया गया है। दोनों ढाबे पर कुल 75 कर्मचारी संक्रमित हुए हैं। इन सभी कर्मचारियों का आरटी पीसीआर टेस्ट किया गया था।

बताया जा रहा है कि सुखदेव ढाबे के 65 कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। किसी में कोई लक्षण नहीं होने के कारण सभी को उनके घरों में क्वारंटाइन कर दिया गया है। सोनीपत डीसी श्यामलाल पुनिया ने इस बात की जानकारी दी है। 

उधर, ढाबा संचालक अमरीक सिंह ने बताया कि उन्होंने चार दिन पहले बिहार से बस द्वारा करीब 100 कामगारों को बुलाया था। ये कामगार पहले भी उनके पास काम करते थे और लॉकडाउन के दौरान अपने घर चले गए थे। सभी ढाबे के साथ लगते क्वार्टर में ठहरे हुए थे।

उन्होंने बताया कि पॉजिटिव पाए जाने वालों ने अभी ढाबे पर काम शुरू नहीं किया था। फिर भी सूचना मिलते ही बृहस्पतिवार दोपहर बाद से उन्होंने एहतियात के तौर पर ढाबे को दो दिन के लिए बंद कर दिया है और उसे सैनिटाइज करने का काम शुरू कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here