हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज फिर मुकरे, बोले- न तो किसी पर लाठीचार्ज किया और न ही किसी जांच की जरूरत

अंबाला। कृषि विधेयक पर हरियाणा में सियासत शुरू हो गई है। इसी बीच पिछले दिनों 10 सितंबर को प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज पर एक बार हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। विज फिर से किसानों के लाठीचार्ज मामले में मुकर गए हैं।

उन्होंने कहा कि न तो सरकार ने किसी किसान पर लाठीचार्ज किया है और न ही किसी तरह की जांच की जरूरत है। सरकार के स्पष्ट आदेश थे कि किसानों पर कोई लाठीचार्ज नहीं होगा। किसानों को अभी अध्यादेश समझ नही आ रहे और वह विपक्ष के बहकाने में है, जब समझ आएंगे, तब यह आंदोलन खुद ही खत्म हो जाएगा।

गृहमंत्री ने एक बार फिर विपक्ष पर निशाना साधा। विज ने कहा कि देश को आजादी 1947 में मिली जबकि किसानों को आजादी तो इन तीन अध्यादेशों के आने के बाद मिली है।

यह अध्यादेश किसानों की तरक्की के लिए हैं। विपक्षी पार्टियां गुमराह कर रही है और कुछ लोग गुमराह हो भी जाते हैं। हमें उम्मीद है कि धीरे धीरे किसानों को पूरी बात समझ आ जाएगी और सब ठीक हो जाएगा।

रणदीप सुरजेवाला द्वारा हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है संबंधित ट्वीट पर विज ने कहा कि वह मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। मुंगेरी लाल के सपनों का क्या हाल होता था, उसका क्या हाल होता है वह सभी जानते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here