जिला पंचायत सदस्य के घर 13 लाख की चोरी

आगरा के ताजगंज थाना अंतर्गत कैलाश रेजीडेंसी में चोरों ने मैनपुरी के किशनी के वार्ड नंबर एक से सपा के जिला पंचायत सदस्य शुभम सिंह की नई कोठी को निशाना बनाया। चोर पांच लाख के जेवरात, 6.5 लाख रुपए सहित अन्य सामान चोरी करके ले गए। घटना की जानकारी पर पुलिस ने कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए, लेकिन चोरों के बारे में सुराग नहीं लग सका।


10 नवंबर को आए थे घर पर
किशनी, मैनपुरी निवासी शुभम सिंह ने बताया कि एक साल पहले उन्होंने कैलाश रेजीडेंसी में एक कोठी बनवाई थी। दो महीने पहले गृह प्रवेश किया था। घर में सामान रखा हुआ था। दस नवंबर को यहां पर आए थे। दूसरे दिन 11 नवंबर को वापस किशनी चले गए। सोमवार को फिर घर आए। उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था। अंदर गए तो बाकी कमरों के भी ताले टूटे थे। चारों ओर सामान बिखरा था। अलमारी का लॉकर टूटा था। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी चेक किए हैं। मगर, चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है।


13 लाख की चोरी
शुभम सिंह ने बताया कि चोर दो एलईडी, पांच लाख रुपए के सोने के जेवरात, 6.5 लाख रुपये कैश, इनवर्टर-बैटरी सहित अन्य सामान चोरी करके ले गए। कुल 13 लाख रुपये की चोरी हुई है। आशंका है कि चोरों ने रेकी करके वारदात की है। पुलिस आसपास कालोनी में सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देख रही है। कालोनी के लोगों ने रात में कुछ लोगों को भागकर जाते हुए देखा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here