ताजिकिस्तान और किर्गिस्तान के बीच जारी जंग में 35 और लोगों की मौत

दुनिया पहले ही रूस और यूक्रेन के बीच जारी टकराव का सामना कर रही थी अब दूसरे मोर्चे पर भी जंग के आसार नजर आ रहे हैं। मध्य एशियाई किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान के बीच संघर्ष विराम के बावजूद तनाव बरकरार है। किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान ने रविवार को जारी अपने आधिकारिक बयान में बताया कि सीमा पर हुई झड़पों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 71 हो गई है। दो मध्य एशियाई देशों के बीच दूसरे दिन भी संघर्ष विराम के बावजूद तनाव बरकरार रहा। बीते दिनों दोनों मुल्‍कों की सेनाओं के जवान सीमा विवाद को लेकर भिड़ गए थे।

दोनों देशों ने 14 से 16 सितंबर को एक दूसरे की चौकियों एवं सीमा पर स्थित बस्तियों को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया था। दोनों देशों ने संघर्ष विराम के बावजूद एक दूसरे की सेनाओं पर विवादित क्षेत्र में टैंक, मोर्टार, रॉकेट आर्टिलरी एवं असॉल्ट ड्रोन के जरिए युद्ध शुरू करने का आरोप लगाया है। किर्गिस्तान के आपात मंत्रालय ने एक दिन पहले अपने अधिकारिक बयान में कहा था‍ कि गतिरोध के चलते उसने 1,37,000 नागरिकों को संघर्ष क्षेत्र से बाहर निकालने के अभियान को अंजाम दिया है।

किर्गिस्तान ने झड़पों में अपने 36 नागरिकों के मारे जाने की सूचना दी है। साथ ही यह भी कहा है कि उसने संघर्ष क्षेत्र से लगभग 137,000 लोगों को निकाला है। ताजिकिस्तान ने भी रविवार को बयान जारी कर कहा कि इन झड़पों में उसके 35 लोग मारे गए है। हालांकि उसने क्षेत्र से बड़े पैमाने पर किसी निकासी की सूचना नहीं दी है। मालूम हो कि दोनों पक्षों ने 16 सितंबर को संघर्ष विराम पर सहमति व्यक्त की थी।

इस बीच रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान के शीर्ष नेताओं के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। क्रेमलिन की ओर से रविवार को जारी बयान में कहा गया है कि व्लादिमीर पुतिन ने दोनों पक्षों से आग्रह किया कि वे इस टकराव को आगे बढ़ने से रोकें। पुतिन ने दोनों देशों के शीर्ष नेताओं से शांतिपूर्ण, राजनीतिक और राजनयिक तरीकों से स्थिति को सामान्‍य करने के लिए कोशिशें करने को कहा है। पुतिन ने कहा है कि रूस किर्गिज-ताजिक सीमा क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी मदद प्रदान करने के लिए हमेशा तैयार है।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here