अभिनेता गुरुचरण सिंह टीवी इंडस्ट्री में किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। वे टेलीविजन के बेहद लोकप्रिय शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में ‘सोढ़ी’ की भूमिका निभाने के लिए मशहूर हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो गुरुचरण सिंह कथित तौर पर लापता हो गए हैं। पिछले चार दिनों से उनकी कोई खबर नहीं मिल रही है। आइए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है। Trending Videos
पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
टीवी इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता गुरुचरण सिंह पिछले चार दिनों से लापता हैं। सूत्रों की मानें तो गुरुचरण सिंह के पिता ने अपने बेटे की गुमशुदगी की खबर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है। खबरों के मुताबिक गुरुचरण दिल्ली एयरपोर्ट से लापता हो गए हैं।
मुंबई नहीं पहुंचे गुरुचरण सिंह
‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में ‘सोढ़ी’ का किरदार निभाने वाले गुरुचरण सिंह इन दिनों कोई पता नहीं चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो गुरुचरण आज से चार दिन पहले घर से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए निकले थे। उन्हें दिल्ली से मुंबई पहुंचना था, लेकिन वे मुंबई पहुंचे ही नहीं। अब गुरुचरण सिंह के परेशान पिता ने बेटे को ढूंढने के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ को छोड़ चुके थे गुरुचरण
पिछले दिनों अफवाहों का बाजार गर्म था कि पैसों को लेकर ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के मेकर्स के साथ गुरुचरण सिंह में कुछ मतभेद हो गए थे। गुरुचरण से जब इस विषय में पूछा गया तब उन्होंने कहा, ‘मैं प्यार के साथ आगे बढ़ना चाहता हूं’। गुरुचरण सिंह ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ छोड़ चुके हैं। वहीं शो के उनके साथी कलाकारों ने उनके लिए प्रार्थना की है। शो में बापूजी का किरदार निभाने वाले अमित भट्ट ने उनके लिए दुआ की है कि वे जल्दी मिल जाएं।