कासगंज को 724 करोड़ की सौगात, सीएम योगी बोले- दुश्मन को घर में घुसकर देंगे जवाब

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को कासगंज पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 11:27 बजे पुलिस लाइन में मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर उन्हें प्रतीक रूप में रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया गया। मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन और अन्य स्थानों पर कई विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। योगी लगभग तीन घंटे तक जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए।

बेसिक शिक्षा मंत्री बोले— नया यूपी बन रहा है

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश में तेज़ी से नया इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार हो रहा है और कासगंज के लिए यह दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 724 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम शुरू हो रहा है, जो स्थानीय विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगी।

सोरों को मिलेगा अयोध्या जैसा विकास

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि धार्मिक नगरी सोरों का कायाकल्प अयोध्या की तरह किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने दरियागंज झील और नदरई पुल के सौंदर्यीकरण के साथ जिले में एक संग्रहालय के निर्माण की भी स्वीकृति प्रदान की।

‘डबल इंजन की सरकार तेजी से कर रही विकास’

सीएम योगी ने भगवान बाराह की जन्मस्थली पर पहुंचने को सौभाग्य बताते हुए जिले की धरती को नमन किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश में समग्र विकास को गति दे रही है। साथ ही उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि किसी भी नागरिक की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा—हमारे एक नागरिक की जान भी जाएगी तो दुश्मन को उसके घर में घुसकर जवाब मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here