प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कटरा से श्रीनगर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद शनिवार को इस रूट पर पहली ट्रेन ने सफल यात्रा की। आज आम नागरिकों ने इस अत्याधुनिक ट्रेन में सफर कर इसकी सेवाओं का अनुभव किया। यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बेहद लाभकारी बताया।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, यात्रा होगी सुगम: यात्री
कटरा से श्रीनगर पहुंचे महेश कुमार ने इस ट्रेन सेवा को यात्रियों, पर्यटकों और कामकाजी लोगों के लिए एक बेहतरीन कदम बताया। उन्होंने कहा, “वंदे भारत ट्रेन हवाई यात्रा का उत्कृष्ट विकल्प बनकर उभरी है। इससे कश्मीर का बाकी देश से संपर्क और बेहतर होगा। यात्रा अब न सिर्फ सुविधाजनक होगी, बल्कि बच्चों और महिलाओं के लिए भी काफी सहज हो जाएगी। इससे पर्यटन को भी नया बल मिलेगा।”
लंबे इंतजार के बाद सपना हुआ साकार: नीतू कपूर
कटरा की ओर वंदे भारत एक्सप्रेस से जा रही यात्री नीतू कपूर ने कहा, “वर्षों से हम यह चाहते थे कि कश्मीर में भी वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे इस सपने को साकार कर दिखाया। पहले जहां कटरा पहुंचने में छह घंटे लगते थे, अब यह दूरी महज तीन घंटे में तय हो सकेगी।”
वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन कार्यक्रम
वंदे भारत एक्सप्रेस का पहला ट्रेन नंबर 26041 श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन से सुबह 8:10 पर रवाना होकर 10:00 बजे बनिहाल और 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।
दूसरी ट्रेन (26403) कटरा से दोपहर 2:55 पर चलकर शाम 6:00 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 26402 दोपहर 2:00 बजे श्रीनगर से चलकर 3:10 बजे बनिहाल और 5:05 बजे कटरा पहुंचेगी।
वहीं, ट्रेन नंबर 26404 सुबह 8:00 बजे श्रीनगर से रवाना होकर 9:02 पर बनिहाल और 11:05 पर कटरा पहुंचेगी।
किराया विवरण
श्रीनगर से कटरा के लिए चेयर कार का किराया ₹715 और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया ₹1320 तय किया गया है (सभी शुल्क शामिल)।
अब जम्मू-कश्मीर में कुल चार वंदे भारत ट्रेनें संचालित होंगी। इससे पहले दो वंदे भारत ट्रेनें नई दिल्ली और कटरा के बीच चल रही थीं। नई सेवाओं के जुड़ने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को गति मिलेगी।