लखनऊ/मुज़फ्फरनगर: पर्यावरण संरक्षण और ‘नेट ज़ीरो कार्बन उत्सर्जन’ के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले मुज़फ्फरनगर जनपद के ग्राम धमात निवासी जागरूक किसान प्रेम सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें 22 मई को लखनऊ में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस समारोह में प्रदान किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, वन राज्य मंत्री श्री के. पी. मलिक तथा शासन, वन एवं पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रेम सिंह की ओर से उनके पुत्र अजित सिंह ‘बबलू’ ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
प्रेम सिंह का परिवार लंबे समय से कृषि, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहा है। विशेष रूप से पर्यावरण सुधार हेतु उनके वृक्षारोपण अभियान को शासन स्तर पर सराहा गया। यह सम्मान न केवल क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत भी है।
भारत सरकार का लक्ष्य है कि देश को वर्ष 2070 तक नेट ज़ीरो कार्बन उत्सर्जन वाला राष्ट्र बनाया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस संकल्प को साकार करने हेतु उत्तर प्रदेश सरकार व्यापक स्तर पर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2024 तक प्रदेश में 200 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। वर्ष 2025 में 36 करोड़ पौधे रोपने का रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ है, और अगले पांच वर्षों में 175 करोड़ पौधों का लक्ष्य निर्धारित है।
सरकार अब किसानों को कार्बन फाइनेंस योजना से जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रही है। इस योजना के अंतर्गत किसानों को खेती के साथ-साथ वृक्षारोपण के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय भी प्राप्त हो सके।
इस पहल में द एनर्जी एंड रिसोर्स इंस्टीट्यूट (टेरी) तथा वीएनवी एडवाइजरी सर्विस के सहयोग से किसानों को जोड़ा जा रहा है। प्रथम चरण में प्रदेश के छह मंडलों — गोरखपुर, बरेली, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद और सहारनपुर में 25,140 से अधिक किसान पहले ही इस योजना से जुड़ चुके हैं।
प्रेम सिंह का यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रदेश के किसानों की भूमिका को रेखांकित करता है और सरकार की इस नीति को और बल प्रदान करता है।