करहल में अखिलेश के प्रतिद्वंदी बघेल पर लाठी-डंडों से हमला

केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल के काफिले पर मंगलवार की देर रात हमला बोला गया। करहल थाना क्षेत्र के ग्राम अतीकुउल्लापुर में यह घटना हुई। दावा है कि खेतों से निकले कुछ लोगों ने पथराव किया और फायरिंग भी की। पथराव में केंद्रीय मंत्री की कार सहित कई अन्य कारों के शीशे भी टूट गए हैं। यह जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री बघेल ने करहल थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है।

हिन्दुस्तान को केंद्रीय मंत्री बघेल ने बताया कि वे करहल क्षेत्र के ग्राम कबरई से जनसभा करके जा रहे थे। अतीकुउल्लापुर गांव के निकट कुछ लोग खेतों से निकलकर उनके काफिले के सामने लाठी-डंडे लेकर आ गए और पथराव करने लगे। अचानक हुए इस हमले से लोग घबरा गए। पथराव में उनकी कार का शीशा टूट गया तथा अन्य कारों के शीशे भी टूटे हैं। किसी ने एक फायर भी किया।

काफिले में शामिल महिलाएं घबरा गई
केंद्रीय मंत्री ने बताया की भीड़ में शामिल एक व्यक्ति अपने आपको रमाकांत यादव बता रहा था और कह रहा था कि उनके नेता के सामने उनकी चुनाव लड़ने की हिम्मत कैसे हुई। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने एसपी मैनपुरी को 7:36 मिनट पर घटना के बारे में बता दिया था। इसके बाद पुलिस मौके पर आई तब तक वे लोग वहीं खड़े रहे। पुलिस की सुरक्षा में वे वहां से आगे निकले। उनके काफिले में इटावा की कुछ महिलाएं भी थी। वे घबरा गई। वे कोतवाली जाकर घटना की तहरीर दे रहे हैं।

प्रभारी एसपी मधुबन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर करहल पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मौके अब पूरी तरह शांति है। केंद्रीय मंत्री की ओर से पथराव होने की जानकारी दी गई हैं। जो भी तहरीर मिलेगी उसके आधार पर मुकदमा दर्ज होगा। कार्रवाई की जाएगी।

हमले को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट करते हुए सपा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केन्दीय मंत्री प्रोफ़ेसर SP सिंह बघेल के क़ाफ़िले पर सपाई गुंडों द्वारा हमला करना, असली चरित्र दिखाया है। कल ही भाजपा सांसद श्रीमती गीता शाक्य पर भी हमला किया गया था। दोनों घटनाओं के दोषियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी!

एक अन्य ट्वीट में लिखा कि अखिलेश यादव चुनाव में हार के डर से आपने अपने पालतू गुंडों के द्वारा भाजपा प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री प्रोफ़ेसर SP सिंह बघेल और भाजपा नेताओं पर हमला करवाते हो, आपने हमला नहीं अपनी पराजय सुनिश्चित की है। क्या यही नई सपा है जो आपके ख़िलाफ़ चुनाव लड़े उस पर हमला कराओगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here