शिवसेना-यूबीटी की पहली सूची में 16 उम्मीदवारों का एलान

मुंबई। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए शिवसेना-यूबीटी ने पहली सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में 16 प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। लिस्ट में दो पूर्व केंद्रीय मंत्रियों को भी जगह दी गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत गीते रायगढ़ से चुनाव लड़ेंगे जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद सावंत दक्षिण मुंबई से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा पार्टी ने ठाणे से राजन विचारे, मुंबई उत्तर-पश्चिम से अमोल कीर्तिकर और मुंबई उत्तर-पूर्व से संजय पाटिल को भी चुनाव मैदान में उतारा है।

उधर महा विकास अघाड़ी की एक अन्य घटक राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने अभी तक लोकसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। दूसरी तरफ कांग्रेसने कुछ सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। 

क्या तय हो गया सीट बंटवारे का समीकरण?
महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी गठबंधन द्वारा 48 लोकसभा सीटों में से 44 सीटों पर सीट बंटवारे का समीकरण पहले ही तय किया जा चुका था। महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से सबसे ज्यादा 19 सीटें शिवसेना-यूबीटी के खाते में हैं। इसके अलावा कांग्रेस के खाते में 16 सीटें और राकांपा- एसपी को नौ सीटें मिली हैं। इसके अलावा सांगली, भिवंडी, मुंबई उत्तर पश्चिम और मुंबई दक्षिण मध्य चार लोकसभा सीटों पर कांग्रेस और शिवसेना- यूबीटी के बीच खींचतान चल रही थी। इन चारों सीटों में से एक सांगली से शिवसेना-यूबीटी ने अपना उम्मीदवार उतार लिया है। यानी इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि सीट बंटवारे का समीकरण तय हो गया है।  

महाराष्ट्र में पांच चरणों में होगा मतदान
महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों पर पांच चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई और 20 मई को चुनाव होंगे और वोटों की गिनती 4 जून को होगी। महाराष्ट्र में उत्तर प्रदेश के बाद सबसे ज्यादा 48 लोकसभा सीटें हैं।

2019 में किसने मारा था मैदान? 
वर्ष 2019 के आंकड़ों पर गौर करें तो महाराष्ट्र की 48 सीटों में से 23 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की थी। शिवसेना ने 18 , राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने एआईएमआईएम ने एक एक सीट पर जीत हासिल की थी। इसके अलावा एक सीट निर्दलीय के खाते में गई थी। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here