कमलनाथ-दिग्विजय पर हमला करते हुए पीएम बोले- आजकल दोनों एक दूसरे के कपड़े फाड़ रहे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए लोगों से कहा कि आपका एक वोट भाजपा को मध्य प्रदेश में सरकार बनाने, दिल्ली में मोदी को मजबूत करने और राज्य में कांग्रेस को सत्ता से दूर रखने में मदद करेगा। सतना की रैली में मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने देश में गरीब लोगों को चार करोड़ पक्के मकान मुहैया कराए हैं। मैंने मुफ्त राशन योजना को अगले पांच साल तक बढ़ाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि ये सतना की ही ताकत और सामर्थ्य है कि बंदूक की नली से संगीत के सुर निकलते हैं। विश्व जब संकटों के घेरे में है, चारो तरफ बम-बंदूक की आवाजें सुनाई दे रही है, भारत जैसे देश आज दुनिया में अपने विचार का प्रभाव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे समय सतना की धरती से एक ऐसी ज्योति निकलती है जो बंदूक की नली से संगीत के सुर निकालती है। युद्ध की मानसिकता वाले मानव समुदाय को सतना की इस धरती का ये बहुत ही सशक्त संदेश है।

मोदी ने कहा कि MP के चुनाव में आपका हर वोट त्रिशक्ति की ताकत से भरा हुआ है। आपका एक वोट यहां फिर से भाजपा की सरकार बनाने जा रहा है। आपका वही वोट दिल्ली में मोदी को मजबूत करेगा। आपका वही वोट, भ्रष्टाचारी कांग्रेस को MP की सरकार से सौ कोस दूर रखेगा। यानी एक वोट, तीन कमाल! उन्होंने कहा कि अभी यहां मतदान में इतने दिन बचे हैं, लेकिन उससे पहले ही झूठ का गुब्बारा फुट गया है। कांग्रेस के पास MP के विकास का कोई रोडमैप नहीं है। कांग्रेस के थके-हारे चेहरों में MP के युवाओं को कोई भविष्य नहीं दिखता। इसलिए MP को भाजपा पर भरोसा है। MP को मोदी की गारंटी पर भरोसा है।

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मैं आजकल जहां भी जाता हूं, वहां अयोध्या में बन रहे प्रभु राम के मंदिर की चर्चा चलती है। पूरे देश में खुशी की लहर है। सौभाग्य से भरे इस पावन कालखंड में मेरे मन में एक बात बार-बार आती है। वो बात मुझे आंदोलित करती रहती है और मुझे तेज गति से दौड़ने की प्रेरणा देती रहती है। वो बात है – राम काज कीन्हें बिनु, मोहि कहां विश्राम… अब रुकना नहीं है, थकना नहीं है। उन्होंने कहा कि हम लोकतंत्र का भव्य मंदिर नया संसद भवन बनते हैं, तो हम 30 हजार पंचायत भवन भी बनाते हैं। मुझे खुशी है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार होने के कारण MP उन राज्यों में से एक है जहां गरीबों के लिए लाखों घर बनाए गए। यहां सतना में भी गरीबों को 1.32 लाख घर मिले हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीबों का घर हो, मुफ्त राशन हो, मुफ्त इलाज हो आज इन पर भाजपा सरकार लाखों करोड़ रुपये खर्च कर रही है अर्थात देश का पैसा गरीबों के काम आ रहा है। लेकिन जब कांग्रेस की सरकार थी, तब देश के लाखों करोड़ रुपये 2G घोटाले, कोयला घोटाले, कॉमनवेल्थ घोटाले और हेलिकॉप्टर घोटाले में जाते थे। मोदी ने ये सारे घोटाले बंद कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने घोटाले भी बंद किए और कांग्रेस के करप्शन काल में जो बिचौलियों की मौज थी, उसको भी बंद करा दिया। भाजपा सरकार ने सरकारी योजनाओं का पैसा गरीबों के बैंक खातों में ट्रांसफर करना शुरू किया। उन्होंने कहा कि MP में कांग्रेस ने आपके सामने 2 ऐसे नेता खड़े किए हैं, जो कई दशकों से मध्य प्रदेश कांग्रेस को चलाते हैं। आजकल वो दोनों एक दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं। यही नेता MP को दशकों तक अभाव में रखने के लिए जिम्मेदार हैं। ये आपके बेहतर भविष्य का भरोसा नहीं दे सकते। इनका तो अभी बस एक ही एजेंडा है कि 3 दिसंबर को भाजपा से हारने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस पर किसका बेटा कब्जा करेगा! अपने बेटों को set करने के लिए वो पूरे मध्य प्रदेश को upset करने में लगे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here