कर्नाटक में आयुष मंत्री श्रीपद नाइक की कार दुर्घटनाग्रस्त, पत्नी की मौत

केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक और उनकी पत्नी सोमवार को हादसे का शिकार हो गए। सड़क हादसे में श्रीपद नाइक घायल हो गए हैं जबकि उनकी पत्नी विजया नाइक की जान चली गई। हादसे के बाद दोनों लोगों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के अनुसार इस हादसे में श्रीपद नाइक के ड्राइवर भी मौत हो गई है।

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात की है और नाइक के इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने नाइक की पत्नी के निधन पर शोक जताया है। 

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रमोद सावंत से बात की है और कहा है कि अगर जरूरत पड़ती है तो श्रीपद नाइक को वायु मार्ग से दिल्ली लाने की व्यवस्था की जाए। बता दें कि प्रमोद सावंत उस अस्पताल में पहुंच गए हैं, जहां नाइक का इलाज चल रहा है। 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस पर एक ट्वीट में लिखा, ‘एक हादसे में विजया नाइक जी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक के स्वास्थ्य में जल्द सुधार की प्रार्थना करता हूं। ईश्वर उन्हें और उनके परिवार को इस बड़ी हानि से उबरने की शक्ति प्रदान करें।’ 

उल्लेखनीय है कि श्रीपद नाइक के पास आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी के केंद्रीय राज्य मंत्री होने के साथ रक्षा राज्य मंत्री का भी जिम्मा है। विभिन्न दलों के नेताओं ने इस दर्दनाक हादसे को लेकर दुख जताया है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here