लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल चुनाव होना है। ऐसे में बीजेपी से लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। बीजेपी दोबारा सत्ता में लौटने का सपना देख रही है जबकि कांग्रेस यहां पर दोबारा जिंदा होने के लिए लगातार कड़ी मेहनत कर रही है।
दूसरी ओर समाजवादी पार्टी बार-बार कह रही है कि 2022 में उसकी सरकार बनने जा रही है। सपा की पूरी कोशिश है कि वो जनता के बीच जाकर अपनी स्थिति को मजबूत करे।
अखिलेश यादव लगातार अपने संगठन में बदलाव कर रहे हैं। इसके साथ जमीनी स्तर पर अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। इसी के तहत समाजवादी पार्टी जनादेश यात्रा निकालने की तैयारी है।
पार्टी की पूरी कोशिश है कि जनादेश यात्रा से जनता तक पहुंचा जाये। समाजवादी पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार जनादेश यात्रा एक सितम्बर से 28 सितम्बर तक निकाली जायेगी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में 2022 में समाजवादी सरकार बनाने के लिये समाजवादी पार्टी में राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री इन्द्रजीत सरोज का उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ‘जनादेश यात्रा‘ के तहत भ्रमण-जनसम्पर्क कार्यक्रम का आयोजन होगा।