बंगाल: अब हुगली में हिंसक झड़प, दिलीप घोष के काफिले पर पथराव

पश्चिम बंगाल के हुगली में आगजनी और हिंसा की खबरें आ रही हैं। जानकारी के मुताबिक, हुबली के रिशरा में रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हिंसा भड़की है। यह भी बताया जा रहा है कि भाजपा नेता दिलीप घोष के काफिले पर पत्थरबाजी भी की गई है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने बताया कि शोभा यात्रा के दौरान महिलाओं और बच्चों पर पथराव किया गया। हावड़ा हिंसा के बाद भी राज्य सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पथराव किया जा रहा है और वाहनों में तोड़फोड़ की जा रही है।

उन्होंने कहा कि आज कई जगहों पर शोभायात्रा निकाली गई, शोभायात्रा शांतिपूर्ण तरीके से हो रही थी। अचानक से किसी मोहल्ले से पत्थरबाजी की गई। गाड़ी के शीशे टूटे, लोगों को चोटें आई, पुलिसकर्मियों को भी चोट आई। बम की आवाज आई, मैंने हमारे लोगों से कहा शांति बनाए रखें, पुलिस सब देख रही है।
 

टीएमसी ने भाजपा पर लगाया आरोप
टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हुगली में जो घटना हुई, वह भाजपा की पूर्व नियोजित योजना थी। ये लोग रामनवमी के नाम पर अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। हम स्थिति का जायजा ले रहे हैं। भाजपा देख रही है कि कौन ज्यादा हंगामा कर सकता है, दिलीप घोष या सुकांत मजूमदार? 

राज्यपाल की उपद्रवियों को चेतावनी
हुगली मामले पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि गुंडों और अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वे माहौल बिगाड़ने के लिए हमारे बीच हैं। हमें उनसे सावधान रहना होगा। लोकतंत्र को पटरी से नहीं उतरने दिया जाएगा। राज्य इस आगजनी और लूटपाट को समाप्त करने के लिए कृतसंकल्पित है। कानून तोड़ने वालों को जल्द ही एहसास होगा कि वे आग से खेल रहे हैं।

पहले हावड़ा में बिगड़े थे हालात
इससे पहले 30 मार्च को राम नवमी के अवसर पर शोभा यात्रा के दौरान पश्चिम बंगाल के हावड़ा में हिंसा भड़क गई थी। जिसमें दो समुदाय आमने सामने आ गए थे और जमकर पत्थरबाजी और आगजनी हुई थी। इसके अगले दिन यानी 31 मार्च को भी हावड़ा से हिंसा की खबरें आई थीं। इस दौरान हावड़ा के शिवपुर में पथराव हुआ था।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर लगाए थे आरोप
हावड़ा बवाल पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि हमने किसी शोभा यात्रा पर रोक नहीं लगाई। राज्य में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं है। हावड़ा हिंसा मामले में अभी तक 41 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिन्होंने हिंसा भड़काई वह लोग बाहर से आए थे। भाजपा, बंगाल को अशांत करना चाहती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here