बिहार: भाजपा नेता सुशील मोदी ने खनन मंत्री पर कई गंभीर आरोप लगाए

बिहार में भाजपा और जेडीयू का गठबंधन टूटने के बाद से ही भाजपा नेता सुशील मोदी नीतीश सरकार के साथ ही राजद के खिलाफ हमलावर हैं। हाल ही में उन्होंने नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे पर सवाल खड़े किए थे। वहीं, अब उन्होंने राजद  एक मंत्री पर निशाना साधा है। पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने गुरुवार को पटना में भाजपा कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर बिहार सरकार में खनन मंत्री रामानंद यादव पर कई गंभीर आरोप लगाए। इतना ही नहीं उन्होंने रामानंद यादव को बर्खास्त कर किसी अन्य दल के विधायक को ये मंत्रालय दिए जाने की मांग की। इस दौरान उन्होंने नीतीश कुमार पर भी तंज कसा। राज्यसभा सांसद ने कहा कि उन्होंने दूध की रखवाली करने की जिम्मेदारी बिल्ली को दे दी है। उन्होंने कहा कि पीएम अपने शासन में साफगोई की बात करते हैं अब वह इन आरोपों पर जवाब दें।

लालू यादव पर लगाए ये आरोप
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा नेता सुशील मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री और राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बालू और लालू का रिश्ता बहुत पुराना है। लंबे समय से लालू प्रसाद यादव के संबंध खनन माफियाओं से रहे हैं। उन्होने कहा कि बालू माफिया सुभाष यादव और पूर्व विधायक अरुण यादव लंबे समय से लालू परिवार के करीब हैं। एक पार्टी विशेष की तिजोरी को खनन माफियाओं से मिलने वाली रकम से भरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बालू का अवैध व्यापार करने वाले ज्यादातर लोग राजद के लोग हैं। बालू माफियाओं का रिश्ता लालू परिवार से इस कदर गहरा है कि इन लोगों ने एक ही दिन में राबड़ी देवी के 8 फ्लैट खरीदे थे ताकि काले धन को सफेद किया जा सके और लालू परिवार को आयकर से बचाया जा सके। नई सरकार बनने के बाद बालू माफियाओं की इतनी हिम्मत बढ़ गई है कि खनन विभाग के दफ्तर में घुसकर वहाँ उपस्थित कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हैं। 

रामानंद यादव को बर्खास्त करने की मांग
पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने खनन मंत्री रामानंद यादव पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले जैसे- रंगदारी वसूलने, अवैध हथियार रखने, चोरी का सामना रखने, पुलिस को धमकाने आदि लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि रामानंद यादव बिना एमएससी किए प्रोफेसर बन गए एवं पीएचडी भी कर लिया। एक कहावत को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि खनन विभाग राजद के रामानंद यादव को देना ‘दूध की रखवाली बिल्ली को देने के समान है। 

इससे पहले पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि बिहार बाढ़ में डूब रहा है और नीतीश कुमार सियासी टूर पर घूम रहे हैं। गंगा नदी का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है, जिसके परिणामस्वरूप भागलपुर शहर में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई और यह विश्वविद्यालय और कॉलेजों में भी प्रवेश कर गया। नीतीश कुमार को बिहार की जनता की कोई परवाह नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here