बिजनौर: दिल्ली की तरह आग ने कपड़ों के शोरूम में तकरीबन दस घंटे तक तांडव मचाया

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में रविवार को दिल्ली के मुंडका जैसा हादसा होने से टल गया। यहां दिल्ली की ही तरह आग ने कपड़ों के शोरूम में तकरीबन दस घंटे तक तांडव मचाया। शोरूम के भीतर फंसे तकरीबन दर्जन भर लोग जिंदगी और मौत के धुएं के बीच फंसे थे। वहीं बाहर लोगों की भीड़ लोगों के सुरक्षित बाहर निकलने की दुआ कर रही थी। हालांकि समय रहते सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। वहीं तक कि आग लगने के तीन घंटे बाद दमकलकर्मी शोरूम के अंदर प्रवेश कर पाए। दस घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।  

सिर्फ एक मिनट में दो बार बिजली की ट्रिपिंग हुई। तीस-तीस सेकेंड तक बिजली गुल रही। शोरूम की बिजली इनवर्टर मोड पर नहीं आ सकी और दोनों ही बार अंधेरा छाया रहा। दो ट्रिपिंग के बाद बिजली लौटी तो ट्रायल रूम की तरफ फाल्ट हुआ। जिस पर आग लग गई। एक कर्मचारी ने चिल्लाने की आवाज में अनाउंसमेंट किया और बोली, मैनेजर सर तुरंत लेडीज ट्रायल रुम के पास आओ। यह वाकया खरीदारी करने के लिए आए प्रणव कुमार शर्मा ने सुनाया।

नई बस्ती के रहने वाले प्रणव कुमार शर्मा, पत्नी गरिमा शर्मा और बेटी अहाना तथा असानी के साथ 11 बजे कपड़े खरीदने के लिए ट्रेंडस के शोरूम में पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि बच्चों के कपड़े पसंद कर लिए थे, उनकी पत्नी कुर्ती पसंद कर रही थी। तभी अनाउंसमेंट हुआ तेज आवाज में। 

Fire in UP

धुआं उठते ही उन्होंने अपनी दोनो बेटियों को तलाशा और बाहर निकल गए। बताया कि शोरूम के कर्मचारियों ने बहुत सहयोग किया। जो लोग कपड़ा ले चुके थे, उनसे पैसे भी नहीं लिए। बताया कि दो महिलाएं इसके बाद भी कपड़े पसंद करने में लगी हुई थी, जिन्हें धक्के देकर बाहर निकाला गया था। 

Fire in UP

बताया गया कि बाहर लाए गए ग्राहकों को आग लगने का विश्वास ही नहीं हो रहा था। जब तक सभी कस्टमर को बाहर निकाला गया तब तक शोरूम में धुआं ही धुआं हो गया था। सभी की सांसें उस वक्त अटक गईं जब 10 से 12 लोगों का स्टाफ शोरूम के मुख्य गेट से बाहर ही नहीं निकल पा रहा था।

Fire in UP

नीचे की ओर धुआं अधिक होने की वजह से स्टाफ दौड़कर पहली मंजिल पर पहुंचा और इमरजेंसी एग्जिट गेट से स्टाफ को बाहर निकला। अभी तक आग को बुझाने का प्रयास किया गया। दमकल कर्मी भी धुआं होने की वजह से शोरूम के अंदर नहीं जा पा रहे थे।

Fire in UP

तीन घंटे बाद शोरूम में दाखिल हो सके दमकल कर्मी
आग इतनी भयंकर थी कि दमकल कर्मी बाहर से ही पानी की बौछार करते रहे। अंदर जाने का रास्ता नहीं मिला। शोरूम के शीशे पत्थर फेंक कर तोड़े गए। बाहर से ही पानी की बौछार की गई। करीब चार बजे धुआं कम हुआ तो दमकल के कर्मी अंदर दाखिल हुए। साढ़े पांच बजे तक भूतल की आग पर काबू पाया गया। आठ बजे तक दमकल की टीम मौके पर ही डटी हुई थी। रात्रि दस बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

Fire in UP

जेसीबी से दीवार में किया सुराख
शोरूम की एक दीवार में जेसीबी से सुराख किया गया। जिससे अंदर पानी की बौछार की जा सके। वहीं हथौड़े से भी शीशे तोड़े गए।

Fire in UP

आग से दस करोड़ के नुकसान का अनुमान
शोरूम में आग लगने से करीब दस करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। यह बात शोरूम के कर्मचारी बता रहे हैं। हालांकि स्पष्ट जानकारी कंपनी के अधिकारी ही एक या दो दिन में आकलन करने के बाद दे पाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here