छत्तीसगढ़ को भाजपा ने विकसित राज्य बनाया: कोरबा में गृहमंत्री शाह

छत्तीसगढ़ के कोरबा दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि, इस बात का प्रयास है कि 2024 के पहले देश नक्सलवाद से मुक्त हो। कांग्रेस के शासन में 2009 में 2258 घटनाएं होती थीं, 2021 में यह घटकर 509 रह गई हैं। भाजपा सरकार ने बंदूक का जवाब बंदूक से दिया है। हम विकास के लिए काम कर रहे हैं। उन्होने कहा कि, भगवान श्रीराम की ननिहाल आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। 

मंच पर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी ओम माथुर से चर्चा करते गृहमंत्री।

इंदिरा स्टेडियम में जनसभा को संबोधित कर रहे गृहमंत्री शाह ने कहा कि, छत्तीसगढ़ की जनता को भाजपा ने शासन करने का मौका दिया है। भाजपा की केंद्र में सरकार बनी अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री बने और उन्होंने छत्तीसगढ़ का गठन किया। मध्य प्रदेश से अलग होने के बाद छत्तीसगढ़ बीमारू राज्य था। रमन सिंह मुख्यमंत्री बने और 15 साल में बीमारू राज्य को इससे उबारा। अब भी इस दिशा में काम कर रहे हैं। 

जनसभा को संबोधित करते गृहमंत्री अमित शाह।

भूपेश सरकार ने भ्रष्टाचार बढ़ाया
गृहमंत्री अमित शाह ने भूपेश बघेल सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, भूपेश बघेल जी हमारे काम की राज्य में लंबी सूची है। कोरबा वाले आपसे पूछेंगे कि पांच साल में क्या किया। फिर गृहमंत्री ने कहा कि, ऐसा नहीं कि भूपेश बघेल सरकार ने कुछ नहीं किया। भ्रष्टाचार बढ़ाने, दुष्कर्म बढ़ाने, आदिवासियों के जंगल कम करने काम भूपेश बघेल की सरकार ने किया है। भूपेश सरकार और उनकी पार्टी ने जनजातीय समाज के लिए क्या किया, इसका जवाब छत्तीसगढ़ के आदिवासी भाई-बहन मांग रहे हैं। 

गृहमंत्री अमित शाह के भाषण में 10 खास बातें

  • हाथ उठाकर लोगों को सरकार बदलने का संकल्प दिलाया। भारत माता के जयकारे लगवाए। 
  • संबोधन में वहां आए माताओं-बहनों के साथ ही युवाओं को जिगर का टुकड़ा बताया। 
  • भगवान श्रीराम के ननिहाल आया हूं, इसलिए जय श्रीराम कहकर बात की शुरुआत करना चाहता हूं। 
  • नरेंद्र मोदी को अगर 2024 में प्रधानमंत्री बनाना है, तो छत्तीसगढ़ में 2023 में बीजेपी की सरकार बनाएं।
  • अटल जी के सपनों का छत्तीसगढ़ बनाने में पीएम नरेंद्र मोदी की मदद करें। भ्रष्टाचार से निजात पानी है, तो बीजेपी की सरकार बनवाएं।
  • कांग्रेस ने कहा था गरीबी हटाएंगे, नहीं हटी। कांग्रेस सरकार में गरीबी नहीं हटी, गरीब ही हट गए। 
  • कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को गरीबी, भुखमरी, अंधेरा, बेरोजगारी और नक्सलवाद देने का काम किया। 
  • भाजपा ने 15 साल में छत्तीसगढ़ को बीमारू राज्य से विकसति बनाने का काम किया था।
  • रमन सिंह मुख्यमंत्री बने तो चावल आपके घर आया, कांग्रेस वाले आपका चावल खाने का काम कर रहे हैं। 
  • नरेंद्र मोदी ने गरीब आदिवासी की बेटी को देश का महामहिम बना दिया। 
जनसभा में उपस्थित लोग।

विकास के पैसों से कांग्रेस नेताओं का विकास हुआ
अमित शाह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि, विकास का पैसा कहां गया। भूपेश सरकार आने के बाद कांग्रेस नेता का घर देखना सब पता चल जाएगा। जो कांग्रेस नेता बाइक पर चलते थे और टीन-टप्पर से बने घरों में रहते थे। उनके घर तीन मंजिला बन चुके हैं। घरों के बाहर ऑडी खड़ी है। केंद्र का 9234 करोड़ रुपया भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। इसका हिसाब होना चाहिए। इसके लिए वोट देना होगा। लोकसभा में ही नहीं, बल्कि विधानसभा चुनाव में भी कमल के निशान पर बटन दबाना होगा। 

कोरबा पहुंचे गृहमंत्री ने मंच से लोगों का अभिवादन किया।

कांग्रेस सरकार झूठ बोलती है, बार-बार बोलती है
गृहमंत्री ने कहा कि, ओबीसी और आदिवासी भाई-बहनों से भरा हुआ प्रदेश है। कांग्रेस पिछड़ा वर्ग की बात करती है, लेकिन उन्हें कुछ नहीं दिया। भाजपा ने पिछड़ा वर्ग को संवैधानिक अधिकार देने का, नीट की परीक्षा में आरक्षण की व्यवस्था की, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय में 27 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था की। मैट्रिक छात्रों के लिए 4400 रुपये का वजीफा देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस की सरकार ने झूठ बोलना, बार-बार बोलना और माइक पर बोलना अपना लिया है। 

गृहमंत्री की जनसभा में मौजूद लोग।

गरीब की बेटी को महामहिम बना दिया
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि, कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया। 65 सालों तक कांग्रेस शासन करती रही, लेकिन आदिवासी हितों और देश के लिए क्या किया। नरेंद्र मोदी ने संथाल की गरीब बेटी को महामहिम द्रोपदी मुर्मू बना दिया। एक गरीब घर में पैदा हुई, गरीब आदिवासी की बेटी देश की राष्ट्रपति बनकर दुनिया के साथ बातचीत कर रही है। गर्व से कह रही है कि भारत में इस तरह का लोकतंत्र है कि गरीब घर में जन्मी बेटी भी राष्ट्रपति बन सकती है। यह भाजपा ही कर सकती है। 

सर्वमंगला मां मंदिर में पूजन करते गृहमंत्री अमित शाह।

मां सर्वमंगला का लिया आशीर्वाद 
जनसभा के बाद गृहमंत्री अमित शाह मां सर्वमंगला मंदिर के लिए निकले। वहां उन्होंने दर्शन-पूजन और आशीर्वाद लिया। इसके बाद भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में शामिल हुए। फिलहाल गृहमंत्री बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से बिलासपुर के लिए निकल गए हैं। पहले संभावना जताई ज रही थी कि शाह रायपुर आएंगे और एयरपोर्ट पर ही गृहमंत्री से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुलाकात करेंगे। इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here