छत्तीसगढ़: हेमंत बिस्वा शर्मा जहर उगलने का काम कर रहे हैं- सीएम भूपेश

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर कमेंट करने वाले असम के सीएम हेमंत बिस्वा शर्मा को आड़े हाथ लिया है। पलटवार करते हुए भूपेश ने कहा कि हेमंत नए-नए मुल्ला बने हैं, इस वजह से ज्यादा प्याज खा रहे हैं। 

बता दें कि कांग्रेस मिशन 2024 को ध्यान में रखते हुए भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। ये यात्रा भाजपा और उसके सहयोगी दलों के निशाने पर है। इसे लेकर बयान राजनीति भी जोरों पर है। इसे लेकर हाल में असम के सीएम ने बयान जारी कर कहा था कि इस यात्रा का भारत में कोई फायदा नहीं है। कांग्रेस के राज में ही भारत का बंटवारा हुआ था। इस बयान से भूपेश बघेल खफा नजर आए थे। 

क्या कहा था हेमंत बिस्वा ने
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा ने भी बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के शासनकाल में भारत 1947 में बंटा था। अगर कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा करनी ही है, तो राहुल गांधी को यात्रा की शुरुआत पाकिस्तान से करनी चाहिए। भारत पहले से जुड़ा हुआ है और एक है। भारत में इस यात्रा का कोई फायदा नहीं मिलने वाला है। 

भूपेश बघेल का पलटवार
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने कहा कि हेमंत बिस्वा शर्मा आजकल जहर उगलने का काम कर रहे हैं। बिस्वा अभी नए-नए मुल्ला हैं। पहले कांग्रेस में थे, अब भाजपा में गए हैं। कहा भी जाता है कि नया मुल्ला ज्यादा प्याज खाता है। हेमंत बिस्वा ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यालय में अखंड भारत का नक्शा देखा होगा, जिसमें पाकिस्तान भारत और नेपाल बांग्लादेश सब हैं।

बघेल ने कहा कि भाजपा कहती है कि भारत के सारे मुसलमानों को पाकिस्तान भेज दो। फिर पाकिस्तान को अखंड भारत में जोड़ दो। फिर पाकिस्तान भेजने और मिलाने का क्या मतलब है? यदि इन सारे देशों को मिलाएंगे बांग्लादेश, पाकिस्तान, अफगानिस्तान 40 और 50 करोड़ जनसंख्या मुसलमानों की हो जाएगी, तब तो हालत और खराब हो जाएगी। बघेल ने आगे कहा कि कोई भी जाति धर्म के मानने वाले लोग हैं, भारत एक ऐसा देश है, जहां कई धर्म जाति के लोग निवास करते हैं। हिंदुस्तान की अनेकता में एकता है।

क्या है कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा
कांग्रेस ने मिशन 2024 के तहत भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की है। कन्याकुमारी में विशाल रैली के जरिये 3,570 किमी लंबी भारत जोड़ो यात्रा शुरू की गई है। यात्रा कन्याकुमारी से शुरू होकर श्रीनगर तक जाएगी। पांच महीनों में कांग्रेस की यह यात्रा 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंचेगी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कन्याकुमारी रवानगी से पहले पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली जानी है। देशभर से हर राज्य के लोग जुड़ेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत को जोड़कर नफरत फैलाने की कोशिश को समाप्त करना है। देश में जितनी भी संवैधानिक संस्थाएं हैं उसको केंद्र सरकार कमजोर कर रही है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here