शिमला पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू, स्वागत के लिए उमड़ी भीड़

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शिमला पहुंच गए हैं। उनके स्वागत के लिए भीड़ उमड़ी है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का हेलिकॉप्टर अनाडेल मैदान में उतरा। आज ही उन्हें एम्स से छुट्टी हुई। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू दोपहर 12:30 बजे शिमला पहुंचे। मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि डॉक्टरों ने दो माह तक आराम करने की सलाह दी है। खाने-पीने का पूरा ध्यान रखने को भी कहा है।

लोगों से मिलना जुलना जारी रहेगा पर पहले की तरह अधिक दौड़ भाग करने से मना किया है। डीजीपी के मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून के नियमों के तहत कार्रवाई होगी। हर शिकायत को पहले जांचना जरूरी होता है। कई बार गलत शिकायतें भी होती हैं। सीएम ने चार राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए अभी नहीं जा पाऊंगा।

मां ने बेटे के स्वास्थ्य लाभ के लिए की प्रार्थना
सीएम सुक्खू के नादौन स्थित पैतृक गांव भंबड़ा में रहने वाली उनकी माता संसार देई बार-बार बेटे के स्वास्थ्य की अपडेट ले रही हैं। दिन-रात बेटे के स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रही हैं। भंबड़ा गांव में माता संसार देई ने आंखें भरते हुए बेटे के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

हालांकि उन्हें दिवाली पर बेटे के घर न आने का मलाल भी है। 80 वर्षीय संसार देई ने भावुक होते हुए कहा कि सुक्खू ने उनसे फोन पर कहा है कि मैं ठीक हूं और जल्द घर आकर आपका आशीर्वाद लूंगा। मुख्यमंत्री सुक्खू के बड़े भाई राजीव सिंह ने बताया कि गत दिवस ही मुख्यमंत्री से बात हुई थी और अब वह स्वस्थ हैं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here