सीएम योगी ने देवापाटन शक्तिपीठ में पूजा अर्चना कर गोमाता का आशीर्वाद लिया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार की सुबह देवापाटन शक्तिपीठ में पूजा अर्चना की और गोमाता का आशीर्वाद लिया। उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया। मंदिर में चल रहे थारू जनजातीय छात्रावास में छात्रों की संख्या बढ़ाने का निर्देश महंत मिथिलेश नाथ योगी को दिया। जनप्रतिनिधियों से बाढ़ राहत के प्रबंधों के साथ ही अन्य बिंदुओं पर फीडबैक लिया।

ब्रह्मलीन महंत योगी महेंद्र नाथ की श्रद्घांजलि कार्यक्रम में प्रतिभाग करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में रात्रि विश्राम किया। बुधवार की सुबह मुख्यमंत्री ने सूर्यकुंड का भ्रमण किया। यहां की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद छात्रावास की सुविधाओं के बारे में प्रबंधन से जुड़े लोगों से विचार विमर्श किया।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परसिर का पूरा जायजा भी लिया। सुबह 7.30 बजे मुख्यमंत्री मां पाटेश्वरी के आराधना स्थल पर पहुंचे। करीब 45 मिनट तक मुख्यमंत्री ने मां का पूजन करने के साथ ही गर्भगृह में मां दुर्गा सप्तशती का पाठ भी किया। पूजन के बाद उन्होंने मंदिर में स्थापित महंत योगी महेंद्रनाथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

गोशाला की व्यवस्था का जायजा लिया और गोसेवा की

गोशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

मुख्यमंत्री ने गोशाला की व्यवस्था का जायजा लिया और गोसेवा की। कामधेनु गाय का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर शक्तिपीठ के महंत मिथिलेश नाथ योगी, बलरामपुर हनुमानगढ़ी के महंत महेंद्र दास, तुलसीपुर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण सिंह विक्की, अरुण गुप्ता, उमंग लाट, अरुण देव आर्य, अरविंद यादव आदि मौजूद थे।

बाढ़ राहत का कैसा है इंतजाम
मुख्यमंत्री ने जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, पूर्व सांसद दद्दन मिश्र, विधायक सदर पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा, धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, डीपी सिंह से जिले में बाढ़ राहत को लेकर किए गए प्रशासनिक प्रबंधों के बारे में जानकारी ली। साथ ही नुकसान का आकलन करके प्रस्ताव शासन को भिजवाने को कहा। कानून व्यवस्था के साथ ही सड़कों के गड्ढामुक्ति अभियान के बारे में भी जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन
तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने हरिहरगंज-ललिया-बनकटवा मार्ग के जर्जर होने की बात कहते हुए चौड़ीकरण व उच्चीकरण की मांग की। मथुरा में अलग से बिजली उपकेंद्र की स्थापना कराए जाने का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने जल्द से जल्द इसको पूरा करने का आश्वासन दिया।

डेढ़ घंटे बाद श्रद्घालु कर सके मां का दर्शन
मुख्यमंत्री योगी के पूजन के कारण शक्तिपीठ देवीपाटन मन्दिर में मां पाटेश्वरी का दर्शन श्रद्घालु डेढ़ घंटे बाद कर सके। हालांकि इस दौरान डीएम डॉ. महेंद्र कुमार, एसपी राजेश सक्सेना व सीओ कुंवर प्रभात सिंह प्रशासनिक अधिकारियों के साथ व्यवस्था संभालने में लगे हुए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here