खुद को भगवान राम से भी बड़ा मानती है कांग्रेस: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (23 अप्रैल) को कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया और आरोप लगाया कि पार्टी खुद को भगवान राम से भी बड़ा मानती है और तुष्टिकरण करती है और वोट बैंक की राजनीति पार्टी के डीएनए में है। प्रधान मंत्री की टिप्पणी उनके “धन के पुनर्वितरण” वाले बयान पर विवाद के रूप में आई, जिससे राजनीतिक विवाद पैदा हो गया और कांग्रेस ने भाजपा की आलोचना की और मामले को भारत के चुनाव आयोग में ले गई। जांजगीर-चांपा में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वासियों ने मोदी की हर गारंटी पर मुहर लगाई है।

मोदी ने कहा कि कुछ महीने पहले मैं विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए आपसे आशीर्वाद मांगने आया था। भाजपा के हर साथी को आप सब ने बहुत आशीर्वाद दिया, हमारे सेवा भाव को बहुत मान दिया। इसके लिए मैं आप सबका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि अयोध्या के जिस मंदिर की उम्मीद देश छोड़ चुका था। उस उम्मीद को पूरा करने का काम भाजपा ने किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग हम पर तंज करते थे, हर चुनाव में हमसे पूछा जाता था कि मंदिर कब बनेगा? हमने उन्हें तारीख भी बताई, समय भी बताया, निमंत्रण भी भेजा, लेकिन उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का निमंत्रण ठुकरा दिया। कांग्रेस खुद को भगवान राम से भी बड़ा मानती है।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि धर्म के नाम पर देश को बांटने वाली कांग्रेस आजादी के बाद पहले दिन से तुष्टिकरण में लगी हुई थी। तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति कांग्रेस के DNA में है। तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस को दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का हक भी ​छीनना पड़े तो एक सेकंड भी नहीं लगाएगी। जबकि भाजपा सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर चलने वाली पार्टी है। हमारी प्राथमिकता- गरीब, युवा, महिला और किसानों का कल्याण है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले करीब 60 वर्ष तक, कांग्रेस के एक ही परिवार ने सीधा या रिमोट से सरकार चलाई। कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि दलित, पिछड़े, आदिवासियों की भागीदारी बढ़े।

मोदी ने कहा कि 2014 में आपने, अपने बीच से आए मोदी को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी। मैं आप सभी के बीच से आया हूं। मैं गरीबी को जी कर आया हूं। जिन मुसीबतों को आपके माता-पिता ने झेला है, उन्हें मैंने भी झेला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अब एक और बड़ा खेल शुरू कर दिया है। पहले कर्नाटक से कांग्रेस सांसद ने कहा कि ​दक्षिण भारत को अलग देश घोषित कर देंगे और अब कांग्रेस के गोवा के उम्मीदवार कह रहे हैं कि गोवा पर देश का संविधान लागू नहीं होता, गोवा पर देश का संविधान थोपा गया। ये भारत का और बाबा साहेब आंबेडकर का अपमान है।

उन्होंने कहा कि ये जम्मू-कश्मीर के कुछ लोग भी कहा करते थे कि यहां भारत का संविधान नहीं चलेगा। आपने मोदी को आशीर्वाद दिया और आज जम्मू-कश्मीर में बाबा साहेब का संविधान लागू हो गया। उन्होंने कहा कि जब भी चुनाव आता है, तो कांग्रेस वाले एक ही घिसी पिटी टेप रिकॉर्ड बजाते रहते हैं। भाजपा वाले आएंगे, संविधान खत्म कर देंगे, भाजपा वाले आएंगे, आरक्षण खत्म कर देंगे। अरे, कितने दिनों तक झूठ चलाते रहोगे। मेरी एक बात याद रखिए, मोदी तो छोड़िए, खुद बाबा साहेब आंबेडकर भी आकर कहें तो भी कोई संविधान नहीं बदल सकता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here