कांग्रेस नेता इकबाल हुसैन ने कहा- राम हमारे कुलदेवता, मैं उनका परम भक्त

अयोध्या की हलचल से लगभग 2,000 किलोमीटर दूर, कर्नाटक के रामनगर जिले में एक पहाड़ी पर भगवान राम को समर्पित एक और मंदिर, रामदेवराबेट्टा चर्चाओं में है। चर्चा का कारण यह है कि मुस्लिम विधायक द्वारा यहां विकास कार्य के आदेश दिए गए हैं। विधायक कांग्रेस पार्टी से हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि भगवान राम शाश्वत शक्तिशाली, परोपकारी हैं और धर्म या लोगों के आधार पर भेदभाव नहीं करते हैं। मेरा नाम इक़बाल हुसैन है। मैं भगवान राम का भक्त हूं। मैं एक मुस्लिम हूं और रामनगर की पवित्र भूमि से विधायक के रूप में चुना गया हूं। 

स्थानीय लोगों का मानना ​​है कि भगवान राम ने सीता और लक्ष्मण के साथ वनवास के दौरान रामदेवराबेट्टा में ‘लिंग’ स्थापित किया था। इसी पहाड़ी के पास वह स्थान भी है जहां प्रसिद्ध हिंदी फिल्म ‘शोले’ की शूटिंग हुई थी। रामनगर क्षेत्र के विधायक ने कहा कि वह ‘रामोत्सव’ को ‘‘भव्य लेकिन धर्मनिरपेक्ष तरीके से’’ मनाएंगे।’’ हुसैन ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं पहले ही कह चुका हूं कि मैं राम भक्त हूं। मैं सभी देवताओं की पूजा करता हूं। इसके बारे में कोई अन्य सोच नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि वह बचपन से ही सरस्वती, लक्ष्मी, गणेश और भगवान राम की पूजा करते रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सभी राजनीतिक दलों के साथ भव्य लेकिन धर्मनिरपेक्ष तरीके से ‘रामोत्सव’ को श्रद्धापूर्वक मनाने का फैसला किया है।’’ 

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग अपने राजनीतिक फायदे के लिए कुछ भी करते हैं लेकिन कांग्रेस कभी भी लोगों को बांटने के लिए भगवान और धर्म का इस्तेमाल नहीं करती।’’ हुसैन ने कहा, ‘‘कांग्रेस की एक विचारधारा, प्रतिबद्धता और अनुशासन है, जिसका मैं पालन करता हूं।’’ चुनावी वर्ष में अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन समारोह पर एक सवाल के जवाब में, उन्होंने कहा, ‘‘यह उन (भाजपा) पर छोड़ दिया गया है।’’ हुसैन ने कहा, ‘‘हम राम सहित सभी देवताओं की पूजा करते हैं। उनके लिए यह नया हो सकता है लेकिन हमारे लिए नहीं। हमारे लिए, राम हमारे परिवार के भगवान हैं। वे राम का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रहे हैं। हम नहीं कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here