कांग्रेस को प्रतिबंधित संगठन पीएफआई के पॉलिटिकल फ्रंट एसडीपीआई का समर्थन: स्मृति

 केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि विपक्षी दल इतना नीचे गिर गया है कि वह चुनाव जीतने के लिए ”आतंकवादी संगठनों” से मदद मांग रहा है।

वह स्पष्ट रूप से प्रतिबंधित ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई)’ की राजनीतिक शाखा ‘सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई)’ का जिक्र कर रही थीं, जो आगामी लोकसभा चुनाव के लिए केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) को समर्थन दे रही है।

ईरानी ने हाल में दिल्ली में एक रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गयी इस टिप्पणी को लेकर उनपर भी निशाना साधा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘मैच फिक्सिंग’ के माध्यम से चुनाव जीतती है और संविधान बदलती है, तो देश ‘आग’ में जल जाएगा।

गांधी ने बुधवार को केरल की वायनाड सीट से अपना लोकसभा चुनाव नामांकन पत्र दाखिल किया, जिसका वह वर्तमान में प्रतिनिधित्व करते हैं।

मध्य प्रदेश के पन्ना में एक रैली को संबोधित करते हुए, ईरानी ने कहा, ‘मैंने सुना है कि कुछ लोग आज वायनाड में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर रहे हैं। मेरी पार्टी (भाजपा) के राज्य (केरल) अध्यक्ष उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं और कह रहे हैं कि अब उनकी (गांधी की) राजनीति इतनी खराब हो गई है कि वह आतंकवादी संगठनों से मदद मांग रहे हैं।”

ईरानी भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वी डी शर्मा के साथ पन्ना में थीं जो खजुराहो लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे थे। शर्मा इस सीट से मौजूदा भाजपा सांसद हैं जिन्हें पार्टी ने दोबारा नामांकित किया है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने का संसद में विरोध किया था।

उन्होंने कहा, ‘ये वही लोग हैं जिन्होंने तब सबूत मांगा था जब भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान के अंदर जाकर दुश्मन के शिविरों पर हमला किया था।’

ईरानी ने कहा कि ये लोग धमकी दे रहे हैं कि अगर नरेन्द्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बने तो देश में आग लग जाएगी।

उन्होंने कहा, ”मैं राहुल गांधी से कहना चाहती हूं कि कान खोलकर सुन लें कि इस देश को पहले भी गोरे लोगों (अंग्रेजों) ने चुनौती दी थी, लेकिन इसने उन्हें हरा दिया। इस देश को पहले भी दुश्मनों ने चुनौती दी थी और यहां के मूल निवासियों ने उन्हें धूल चटाई थी। अगर आप देश के लोकतंत्र को कलंकित करने की धमकी देंगे और लोगों को भड़काएंगे तो यह देश आपको नहीं छोड़ेगा।’’

ईरानी ने कहा कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को नहीं पता कि 2024 में क्या करना है, जबकि भाजपा के पास 2047 का विजन है।

मध्य प्रदेश में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में सीट बंटवारे के तहत खजुराहो सीट समाजवादी पार्टी (सपा) को दी गई है।

ईरानी ने कहा, ‘यह कांग्रेस की हार का पहला संकेत है कि उन्होंने राज्य भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। जो लोग हाल के विधानसभा चुनाव में एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रहे थे, वे अब सीट साझा कर रहे हैं।’

उन्होंने कहा, ”हार का सामना करने के बाद भागना कांग्रेस की आदत बन गई है। कोई इसकी पुष्टि अमेठी के लोगों से कर सकता है।’’

ईरानी ने 2019 में उत्तर प्रदेश के अमेठी निर्वाचन क्षेत्र से राहुल गांधी को हराया था।

उन्होंने मतदाताओं को आगाह किया कि समाजवादी पार्टी के पक्ष में वोट करने का मतलब उन शक्तियों को मजबूत करना है जो देश को बांटना चाहती हैं और उन लोगों का समर्थन करना जिन्होंने खजाना लूटा।

सपा ने सोमवार को अपने खजुराहो लोकसभा उम्मीदवार मनोज यादव की जगह पूर्व विधायक मीरा दीप नारायण यादव को उम्मीदवार बनाया है। सपा द्वारा मनोज यादव के नाम की घोषणा पिछले सप्ताह की गई थी। इस सीट पर चुनाव 26 अप्रैल को होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here