दिल्ली: मूर्ति विसर्जन के दौरान यमुना में डूबने से 5 लड़कों की मौत

राजधानी दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी इलाके में रविवार को मूर्ति विसर्जन करने गए पांच युवकों की डीएनडी फ्लाइओवर के नीचे यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। सभी मृतक नोएडा स्थित सलारपुर गांव के रहने वाले थे। रविवार को यह सभी अपने गांव वालों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए आए थे।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अंकित (20), लकी (16), ललित (17), बीरू (19) और ऋतुराज उर्फ सानू (20) के रूप में हुई है। पांच लोगों के डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, गोताखोर और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। देर शाम तक चले राहत कार्य के बाद सभी पांच लोगों के शवों को बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

घंटों तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन रहा नाकाम

पुलिस उपायुक्त ईशा पांडेय ने बताया कि रविवार दोपहर को कुछ लोगों के डीएनडी फ्लाईओवर के नीचे यमुना नदी में डूबने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य के लिए सभी एजेंसियों के साथ सम्पर्क किया। दमकल कर्मचारियों और वोट क्लब की टीम में आए गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे पांचों लोगों को बचाने के लिए रेक्स्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जो नाकाम रहा। देर शाम तक गोताखोरों ने डूबे हुए सभी लड़कों के शवों को बाहर निकाल लिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल में भेज दिया गया।

नोएडा स्थित सलारपुर गांव के रहने वाले थे मृतक

स्थानीय पुलिस ने पांचों मृतकों के साथ आए लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि नोएडा स्थित सलारपुर गांव से करीब 17-18 लड़के यमुना में भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति का विसर्जन करने आए थे। विसर्जन करने के बाद वे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मूर्ति नदी के बीच में फंस गई और पूरी तरह से विसर्जित नहीं हो सकी। यह देखकर विसर्जन करने आए ग्रुप में से छह लड़के प्रतिमा को ठीक से विसर्जित करने के लिए डीएनडी फ्लाईओवर की ओर से नदी में घुस गए। नदी में गए सभी छह लड़के मूर्ति को खिसकाने इत्यादि का प्रयास करने लगे। इसी बीच, यमुना नदी में एक तेज बहाव आया और उन सभी लड़कों बहा ले गया। हालांकि, एक लड़का किसी तरह से बाहर आने में सफल हो गया।

डूबे लोगों के साथ आए लोगों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस और उनके परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और अन्य एजेंसियों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन शाम को सभी डूबे गए लोगों के शव नदी से बरामद कर लिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here