दिल्ली: हिरासत में लिये गए सभी कांग्रेस MP को पुलिस ने छोड़ा

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को 3 घंटे पूछताछ की। ED ने उन्हें अब तक कोई नया नोटिस नहीं दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ED ने सोनिया से पूछा कि यंग इंडिया के लेन-देन से जुड़ी कितनी बैठकें आपके घर 10 जनपथ पर हुईं।

मंगलवार को भी जब ED ने उनसे कंपनियों के लेन-देन के बारे में सवाल किया तो सोनिया ने जवाब दिया- कांग्रेस, एसोसिएट जर्नल और यंग इंडियन से जुड़े सभी लेनदेन पूर्व कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा देखते थे।

कांग्रेस अध्यक्ष से हुए ये अहम सवाल

  • यंग इंडिया लिमिटेड संस्था किस क्षेत्र में काम करती है?
  • लेनदेन से जुड़ी कितनी बैठकें आपके आवास 10 जनपथ पर हुई?
  • लेनदेन के बारे में आपको क्या जानकारी है? इसके शेयर किस तरह बिके?

देशभर में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, कई हिरासत में लिए गए

नई दिल्ली में बुधवार को प्रदर्शन कर रही महिला कार्यकर्ताओं को सुरक्षाबलों ने हिरासत में लिया। इस दौरान झड़प भी हुई।

बुधवार को पूछताछ के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देशभर में प्रदर्शन किया। संसद भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। कांग्रेस मुख्यालय के बाहर महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को सुरक्षाबलों ने उठा-उठाकर बसों में भरा। इस दौरान उनकी सुरक्षा बलों से झड़प भी हुई। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा है कि देश को पुलिसिया स्टेट में बदल दिया है। सोनिया से ईडी की पूछताछ खत्म होने के बाद दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी सांसदों को रिहा कर दिया।

3 दिन में 12 घंटे सवाल, 5 दिन का ब्रेक भी मिला
पहली बार सोनिया 21 जुलाई को ED दफ्तर पहुंची थीं, यहां उनसे 3 घंटे पूछताछ हुई। इसके बाद 5 दिन का ब्रेक मिला। इसके बाद ईडी ने उन्हें 26 जुलाई को बुलाया गया और 6 घंटे तक सवाल किए। फिर बुधवार को ईडी ने सोनिया को पूछताछ के लिए बुलाया, यहां एजेंसी ने उनसे 3 घंटे पूछताछ हुई। कुल 12 घंटे हुई पूछताछ के दौरान उनसे 100 से ज्यादा सवाल किए गए हैं।

3 बड़े बयान…
1. गुलाम नबी आजाद- ED ने पूछताछ बंद कर दी थी। अब पहले राहुल गांधी से और फिर सोनिया गांधी से पूछताछ कर रही हैं। औरत और बीमार लोगों पर जंग में भी हाथ नहीं उठाया जाता है। मोदी सरकार की कार्रवाई के मामले में निचले स्तर पर उतर आई है।

2. जेपी नड्डा- नेशनल हेराल्ड में करोड़ों का घोटाला हुआ है। कानून के हिसाब से जांच एजेंसी काम कर रही है। एक परिवार को बचाने के लिए सत्याग्रह का ड्रामा किया जा रहा है। यह असत्य के लिए आग्रह है।

3. मल्लिकार्जुन खड़गे- ED बार-बार धमकी दे रही है। कांग्रेस को बदनाम और परेशान करने की कोशिश कर रही है। सोनिया गांधी की तबियत ठीक नहीं है, लेकिन फिर भी परेशान किया जा रहा है।उन्हें लगता है ऐसा करने से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटेगा लेकिन हम पीछे नहीं हटने वाले हैं।

मुंबई के बोरिवली में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ट्रेन रोककर प्रदर्शन किया।

मंगलवार को राहुल भी हिरासत में लिए गए थे
मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी समेत कांग्रेस के 50 सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। इन सभी को सोनिया से पूछताछ खत्म होने के बाद छोड़ा गया। हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल ने कहा था- देश को पुलिस स्टेट बना दिया है।

मंगलवार को राहुल जब राष्ट्रपति भवन की ओर बढ़े तो उन्हें रोक दिया गया था। राहुल विजय चौक के पास धरने पर बैठ गए थे।

मंगलवार को राहुल जब राष्ट्रपति भवन की ओर बढ़े तो उन्हें रोक दिया गया था। राहुल विजय चौक के पास धरने पर बैठ गए थे।

जानिए नेशनल हेराल्ड केस क्या है
नेशनल हेराल्ड केस का मामला सबसे पहले भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने 2012 में उठाया था। अगस्त 2014 में ED ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया। केस में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के ही मोतीलाल वोरा, ऑस्कर फर्नांडीज, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे को आरोपी बनाया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here