दिल्ली: रेप पीड़िता से आनंद विहार में फिर सामूहिक दुष्कर्म

दिल्ली के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक आनंद विहार आईएसबीटी के पास 16 वर्षीय नाबालिग लड़की साथ मारपीट व सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। गुरुवार को सफदरजंग अस्पताल में किशोरी के भर्ती होने की सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची। छानबीन के बाद पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता बेघर है और फिलहाल दक्षिण-पूर्व दिल्ली के एक शेल्टर होम में रहती है। उसकी तबीयत खराब हुई तो उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। चूंकि मामला पूर्वी दिल्ली का था तो वहां पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र थाने की पुलिस पहुंच गई।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि नौ जनवरी को वह अपने दोस्त के साथ आनंद विहार मेट्रो स्टेशन के पास आई थी। देर रात दोनों वहां रुके रहे। आरोपी उसे आईएसबीटी के पास सूनसान जगह पर ले गया। यहां उसने व उसके दोस्तों ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई की गई। पीड़िता ने बताया कि इससे पूर्व उसके साथ मोहन नगर, गाजियाबाद यूपी में भी सामूहिक दुष्कर्म किया गया था।पुलिस की टीम ने सफदरजंग अस्पताल में ही उसकी काउंसलिंग करवाई। बाद में उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पीड़िता का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस पीड़िता से पूछताछ कर उसके दोस्त व बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस घटना वाले दिन के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी निकलवाकर जांच कर रही है। पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here