दिल्ली: 2014 के बाद सबसे ठंडा रहा क्रिसमस का दिन

पश्चिमी व उत्तर-पश्चिमी से चल रही ठंडी हवा से दिल्ली ठिठुर गई है। रविवार को क्रिसमस का दिन साल 2014 के बाद सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं, 18 दिसंबर 2020 के बाद दिल्ली सबसे ठंडी रही। रविवार को दिन में चली सतही ठंडी हवा के कारण लोगों को ठिठुरन महसूस हुई। 

दोपहर में हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन उससे ज्यादा राहत नहीं मिली। प्रादेशिक पूर्वानुमान मौसम केंद्र, नई दिल्ली के अनुसार रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। 

इससे पहले क्रिसमस के दिन साल 2014 में अधिकतम तापमान 16 डिग्री व न्यूनतम तापमान छह डिग्री दर्ज किया था। सर्द दिन की बात करें तो साल 2020 में 18 दिसंबर को अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

केंद्र के अनुसार दिल्ली में अभी ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। सोमवार को भी दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी कर रखा है। उम्मीद है कि अधिकतम तापमान में कुछ बढ़त होगी, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट की आशंका है। वहीं सोमवार को भी शीतलहर चलेगी। 

केंद्र के अनुसार दिल्ली में 31 दिसंबर तक सुबह के समय धुंध छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान में बढ़ कर 20 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है, वहीं न्यूनतम तापमान में भी मामूली बढ़त हो सकती है। उम्मीद की जा सकती है कि आने वाले दिनों में दोपहर के समय हल्की धूप खिले।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here