‘भारत बंद’ से पहले बोले किसान- हम PM के मन की बात सुनते रहें है, अब हमारे मन की बात सुने नरेंद्र मोदी

नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का प्रदर्शन 11वें दिन भी जारी है। दिल्ली-हरियाणा पर स्थित सिंधु बॉर्डर पर हजारों की संख्या किसान पिछले 10 दिनों से दिन रात डटे हुए हैं। वहीं, किसानों और सरकार के बीच पांचवें राउंड की भी वार्ता बेनतीजा रही। भारत बंद से पहले संयुक्त किसान मोर्चा ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान किसानों ने कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ सुनते रहे हैं। अब पीएम किसानों के मन की बात सुनें, मांगों से कोई समझौता नहीं होगा। किसान नेता बलदेव सिंह निहालगढ़ ने कहा कि ये आंदोलन सिर्फ पंजाब का न होकर पूरे देश में बढ़ चुका है। मंत्री तिलमिलाए हुए हैं कि क्यों भारत बंद का आह्वान किया? बलदेव सिंह निहालगढ़ ने कहा कि 8 दिसंबर को सुबह से शाम तक बंद होगा। चक्का जाम 3 बजे तक होगा। एम्बुलेंस और शादियों के लिए रास्ता खुला रहेगा। शांतिपूर्ण प्रदर्शन रहेगा। चंडीगढ़ सेक्टर 17 के ग्राउंड में किसान 7 तारीख को बड़ा प्रदर्शन करेंगे।

बलदेव सिंह निहालगढ़ ने किसानों के समर्थन में मेडल वापस का ऐलान करने वाले खिलाड़ियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जो मेडल वापस कर रहे हैं, उनका धन्यवाद। गुजरात से किसान आये थे, उनका धन्यवाद। आंदोलन तेज करना मजबूरी बन गया है, सरकार तीन कानून बदलने के लिए अग्रसर नहीं है। हम लगातार आंदोलन करेंगे। 8 तारीख के आंदोलन में सबको शामिल होना चाहिए।

एक अन्य किसान नेता जगमोहन ने कहा कि किसान नेताओं के बीच मंथन यही हुआ कि हम अपनी मांगों से कोई समझौता नहीं करेंगे। मोदी के मन की बात हम सुन रहे हैं, अब उनको हमारे मन की बात सुननी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में योगेंद्र यादव ने आगे कहा कि आठ दिसंबर को कारोबार बंदी के दिन हरियाणा, पंजाब, राजस्थान की भी मंडियां बंद रहेंगी. मध्य प्रदेश ने व्यापार बन्द करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 8 को भारत बंद के समय दूध, सब्जी सब पूरी तरह से बंद रहेगा। शादियों को विशेष छूट दी गई है।

ऑल इंडिया किसान सभा के अशोक धावले ने कहा कि किसान आंदोलन का आज 11वां दिन है, अगले 2 दिन में किसान आंदोलन पूरे देश में फैल जाएगा। 500 किसान संगठन एक साथ आ चुके हैं। अभी कई प्रदेशों से हज़ारों किसान दिल्ली को घेरने आ रहे हैं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here