विदेश मंत्रालय ने चीनियों का पर्यटन वीजा रोका

चीन के नागरिकों को भारत का पर्यटक वीजा नहीं देने के मामले में आज विदेश मंत्रालय ने बयान दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने नियमित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि हम शंघाई जैसे चीनी शहरों में कोविड-19 की स्थिति से अवगत हैं। चीनी नागरिकों के लिए पर्यटक वीजा जारी करने का यह उपयुक्त समय नहीं है। अरिंदम बागची ने कहा कि चीन ने खुद हमें वीजा जारी नहीं किया है। साल 2020 से भारत को वीजा जारी करना निलंबित किया हुआ है। चीन के लिए पर्यटक वीजा जारी करने पर चर्चा करने का सही समय नहीं है।  

चीन को उसी की भाषा में जवाब 
दरअसल, इस मामले में भारत ने चीन को उसी की भाषा में जवाब दिया है। वैश्विक एयरलाइंस निकाय (IATA) के मुताबिक, भारत ने चीनी नागरिकों के पर्यटक वीजा को निलंबित कर दिया है। भारत द्वारा यह निर्णय तब लिया गया जब 22 हजार से अधिक भारतीय छात्रों को चीन वापस लौटने की अनुमति नहीं दे रहा है। 

दरअसल, कोरोना की वजह से 22 हजार से ज्यादा भारतीय छात्र चीन से वापस आ गए थे। अब ये छात्र अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए वापस चीन जाना चाहते हैं, लेकिन चीन इन छात्रों को वापस आने की अनुमति नहीं दे रहा है। चीन द्वारा इन छात्रों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है। इसके जवाब में भारत ने भी कार्रवाई की है। आईएटीए ने बताया था कि भारत द्वारा चीनी नागरिकों को जारी किए गए पर्यटक वीजा अब वैध नहीं हैं। हालांकि चीनी नागरिकों को व्यापार, रोजगार, राजनयिक और आधिकारिक वीजा दिया जा रहा है। 

हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटक
चीन के अड़ियल रुख की वजह से हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। इस मामले में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने 17 मार्च को कहा था कि भारत ने बीजिंग से इस मामले में सौहार्दपूर्ण रुख अपनाने का आग्रह किया था, क्योंकि सख्त प्रतिबंधों की निरंतरता हजारों भारतीय छात्रों के शैक्षणिक करियर को खतरे में डाल रही है। बागची ने बताया कि इससे पहले चीन ने कहा था कि वह इस मामले पर विचार कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद इस दिशा में कुछ नहीं हुआ। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here