गांधीनगर: पीएम मोदी ने किया डिफेंस एक्सपो का उद्घाटन

प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात की राजधानी गांधीनगर में डिफेंस एक्सपो 2022 का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देश की सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र में भारत के बढ़ते कदमों को लेकर कई अहम बातें कही। पीएम मोदी ने चीन, पाकिस्तान का नाम लिया बगैर कहा कि सीमा पर दुश्मनों के दुस्साहस का करारा जवाब देंगे। इस डिफेंस एक्सपो की खास बात यह थी कि यहां रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में स्वदेशी ताकत की झलक दिखी। ‘पाथ टू प्राइड’ थीम के अंतर्गत आयोजित किये गये इस एक्स्पो में विदेशी ओईएम की भारतीय सहायक कंपनियां, भारत में पंजीकृत कंपनी का डिवीजन, एक भारतीय कंपनी के साथ संयुक्त उद्यम वाले प्रदर्शक शामिल हुए। 

पीएम मोदी ने मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड का जिक्र करते हुए कहा कि देश के सैनिकों ने हथियारों की क्षमता को साबित किया है। पीएम ने कहा कि भारत अपने सामर्थ्य का परिचय दे रहा है। पीएम ने बताया कि आज भारत 75 से ज्यादा देशों को हथियार सप्लाई कर रहा है। भारत की तरफ दुनिया उम्मीद भरी नजरों से देख रही है और भारत इन उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से लेकर वैश्विक व्यापार तक मेरीटाइम सुरक्षा एक ग्लोबल प्राथमिकता बनकर उभरा है। पीएम मोदी ने कहा कि सेनाओं ने मिलकर कई उपकरणों की दो लिस्ट भी तय की है, जिन्हें केवल देश के भीतर ही खरीदा जाएगा। आज वो 101 आइटम्स की एक और ऐसी लिस्ट जारी कर रहे हैं। ये फैसले भारत की सामर्थ्य को भी दिखाते हैं।

यह देश का ऐसा पहला डिफेंस एक्सपो है जिसमें केवल भारतीय कंपनिया ही भाग ले रही है। केवल मेड इन इंडिया रक्षा उपकरण ही हैं। भारतीय रक्षा कंपनियां आज ग्लोबल सप्लाई चेन का अहम हिस्सा बन रही हैं। दुनिया की भारत से अपेक्षाएं बढ़ी हैं। ये डिफेंस एक्सपो भारत के प्रति वैश्विक विश्वास का प्रतीक भी हैं।भारतीय नौसेना ने INS-विक्रांत जैसे अत्याधुनिक एयरक्राफ्ट कैरियर को अपने बेड़े में शामिल किया है। ये इंजीनियरिंग का विशाल और विराट मास्टरपीस कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड ने स्वदेशी तकनीक से बनाया है। पीएम मोदी ने कहा कि “मैं स्क्रीन पर देख रहा था कि दीसा के लोग नए हवाई क्षेत्र के निर्माण को लेकर उत्साहित थे। यह हवाई क्षेत्र एक प्रमुख भूमिका निभाएगा। दीसा अंतर्राष्ट्रीय सीमा से केवल 130 किमी दूर है। यदि हमारी सेना विशेष रूप से हमारी वायु सेना दीसा में मोर्चा संभालती है तो हम पश्चिमी तरफ से आने वाले किसी भी खतरे का बेहतर जवाब दे पाएंगे।” हालांकि उन्होंने इस दौरान पाकिस्तान का नाम नहीं लिया।

बता दें कि इस डिफेंस एक्सपो में भारतीय सेना के अत्याधुनिक हथियार धनुष 52 की प्रदर्शनी लगाई गई। यह भारतीय सेना का उन्नत हथियार उपकरण है। हॉवित्जर धनुष आर्टिलरी गन का अपग्रेडेड वर्जन है। इसकी रेंज को 4 किलोमीटर तक बढ़ा दिया गया है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here