सरकार झुकेगी और किसान जीतेंगे : अखिलेश यादव

श्रावस्ती में चिंतन शिविर में भाग लेकर गोंडा जाते समय समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के स्वागत को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित दिखे। सोमवार को मुहल्ला पहलवारा में पूर्व अध्यक्ष वन निगम सलिल सिंह टीटू की अगुवाई में सपाइयों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहाकि आपका यही जोश 2022 में भाजपा को सबक सिखाएगा। कृषि बिल को काला कानून बताते हुए कहाकि सरकार झुकेगी और किसान जीतेंगे।

तीनों कृषि कानून से किसानों को कोई लाभ नहीं मिलेगा। इस कानून से आय दोगुनी नहीं होगी। इससे संपूर्ण कृषि बाजार और खेती सिर्फ कुछ लोगों के कब्जे में रह जाएगी। इसलिए सपा चाहती है कि सरकार तीनों कृषि कानून वापस लें। किसानों के हित के लिए सपा का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने गुजरात कैडर के पूर्व नौकरशाह एके शर्मा को राजनीति में लाने व विधान परिषद में भेजे जाने को बीजेपी की रणनीति बताया। कहाकि आमजन के दर्द से वर्तमान सरकार का कोई वास्ता नहीं है। इसका जवाब जनता देगी।

पूर्व अध्यक्ष वन निगम सलिल सिंह टीटू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट किए। पूर्व मुख्यमंत्री ने जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों का हाल पूछा। इसके बाद वीर विनय चौराहा पर पूर्व जिला महासचिव इकबाल जावेद, नफीस मेकरानी समेत अन्य लोगों ने स्वागत किया। श्रावस्ती में आयोजित चिंतन शिविर में जिले से भी बड़ी संख्या में सपाई पूर्व मंत्री डॉ. एसपी यादव व डॉ. भानु तिवारी के नेतृत्व में भाग लेने गए। पूर्व विधायक अनवर महमूद, ब्लॉक प्रमुख शफीक अहमद, राकेश यादव, टोप सिंह, अंकित सिंह, नरसिंह पाल यादव समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here