गुजरात: भाजपा का संकल्प पत्र जारी, कांग्रेस पर बरसे योगी आदित्यनाथ

गुजरात चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। आज गुजरात में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रचार करने पहुंचे हैं। इसके अलावा अमित शाह भी लगातार प्रचार कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने आज अपने प्रचार में कांग्रेस पर जबरदस्त तरीके से निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार पहले ही अपनी हार स्वीकर कर चुकी है। दोनों भाई-बहन चुनाव से गायब हैं। योगी आदित्यनाथ ने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का भी अपमान किया है, कांग्रेस बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को चुनाव हराने का भरसक प्रयास करती थी। 

गुजरात के लिए जेपी नड्डा ने जारी किया संकल्प पत्र

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विधानसभा चुनाव 2022 के लिए घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गुजरात भाजपा के राज्य अध्यक्ष सीआर पाटिल उपस्थित रहे। गांधी नगर में इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि गुजरात विकास की गंगोत्री है और उस गंगोत्री में जब हम विकास की बात करते हैं तो हम नए संकल्प के साथ अपने आप को फिर से पुनर्स्थापित करते हुए आगे बढ़ने की बात करते हैं। बीजेपी के संकल्प पत्र के मुताबिक, अगले 5 वर्षों में गुजरात के युवाओं को 20 लाख रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। 10,000 करोड़ रुपये के बजट से 20,000 सरकारी स्कूलों को स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में बदला जाएगा। 

भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री बनने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य विधानसभा के पिछले चुनाव में सबसे खराब प्रदर्शन किया था और शायद इसी से सबक लेते हुए उसने इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। राज्य में पहले चरण के मतदान से पहले और पिछले 20 दिनों में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित आधा दर्जन मुख्यमंत्री और अन्य केंद्रीय नेता लगभग 150 छोटी-बड़ी चुनावी जनसभाएं कर चुके हैं।

समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा

गुजरात में भाजपा ने अपने घोषणापत्र में उसने पार्टी की सत्ता बरकरार रहने पर राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने का वादा किया। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा द्वारा यहां जारी किए गए घोषणापत्र में पार्टी ने लड़कियों के लिए ‘केजी से पीजी’ (नर्सरी से स्नातकोत्तर) तक मुफ्त शिक्षा का भी वादा किया।

भ्रष्ट सरकार से लोग परेशान हो चुके हैं: गढ़वी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा गुजरात में अपना चुनाव प्रचार पूरी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इर्द-गिर्द केंद्रित करने के बीच आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी इसुदान गढ़वी ने शनिवार को कहा कि यह दर्शाता है कि कैसे गुजरात के लोग सत्तारूढ़ दल के प्रदेश नेताओं से आजिज आ चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी भाजपा के करीब 25 साल के निर्बाध शासन को खत्म करने की ओर अग्रसर है। 

कांग्रेस की अक्षमता की वजह से है भाजपा सत्ता में: ओवैसी

एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने इस बात से इनकार किया है कि अगले महीने होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी की भूमिका कांग्रेस के वोट में सेंध लगानी होगी। उन्होंने राज्य में लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में कायम रहने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। ओवैसी ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा समान नागरिक संहिता और महरौली हत्याकांड जैसे मुद्दे उठाकर चुनाव प्रचार अभियान के दौरान ‘मुसलमान-विरोधी विमर्श’ गढ़ने की चेष्टा कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here