गुजरातः बीजेपी विधायक दल के नेता भूपेंद्र पटेल को पीएम मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा ने दी बधाई

गांधीनगरः गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा कि गुजरात के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल कल शपथ लेंगे। भूपेंद्र पटेल को गुजरात में भाजपा विधायक दल के नए नेता चुना गया। भूपेंद्र पटेल को विधायक दल का नेता चुने जाने पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सर्वसम्मति से चुनाव हुआ है, बहुत अच्छा निर्णय हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूपेंद्र पटेल को बधाई दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भूपेंद्रभाई पटेल को बधाई दी और उम्मीद जताई कि इस फैसले से राज्य की विकास यात्रा को नई ऊर्जा और गति मिलेगी। पटेल को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।

पटेल ने घाटलोडिया निर्वाचन क्षेत्र से 2017 गुजरात विधानसभा चुनाव जीता और कांग्रेस उम्मीदवार शशिकांत पटेल को एक लाख से अधिक मतों से हराया था। विजय रुपाणी ने कहा कि भूपेंद्र पटेल सक्षम हैं। हमें विश्वास है कि भाजपा उनके नेतृत्व में राज्य में आगामी चुनाव जीतेगी।

पटेल विजय रुपाणी की जगह लेंगे। जिन्होंने राज्य में चुनाव से लगभग एक साल पहले अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। राज्यपाल से मिलेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। पटेल सोमवार को शपथ लेंगे। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रहलाद जोशी को नए मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था।

सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा रखने वाले पटेल पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के करीबी माने जाते हैं। आनंदीबेन 2012 में इसी सीट से चुनाव जीती थीं। पार्टी विधायक दल के नये नेता के तौर पर पटेल के नाम की घोषणा के साथ ही रूपाणी के उत्तराधिकारी को लेकर संशय समाप्त हो गया। सूत्रों ने बताया कि पटेल अब राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर और प्रह्लाद जोशी तथा पार्टी महासचिव तरुण चुग उपस्थित थे। तोमर ने रविवार सुबह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल से मुलाकात की थी। इससे पहले केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप तथा दादरा एवं नागर हवेली और दमन और दीव के प्रशासक प्रफुल्ल के. पटेल तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया को मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल माना जा रहा था।

एक राजनीतिक विश्लेषक के अनुसार राजनीतिक हलकों में मुख्यमंत्री के लिए जिन नामों की अटकलें चल रही थी, उनमें कहीं भी एक बार के विधायक भूपेंद्र पटेल का नाम नहीं था। वह प्रभावशाली पटेल समुदाय से आते हैं, वहीं मांडविया भी पाटीदार समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here